September 12, 2026

नेहरू गांधी परिवार के खिलाफ की गई अनर्गल बयानबाजी की निन्दा

संदीप गोयल/एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून 1 फरवरी। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार के मंत्री गणेश जोशी द्वारा नेहरू गांधी परिवार के खिलाफ की गई अनर्गल बयानबाजी की कड़े शब्दों में निन्दा करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उन्हें मंत्रिमण्डल से तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुये प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने कहा की भाजपा सरकार के मंत्री गणेश जोशी ने नेहरू गांधी परिवार की शहादत पर अनर्गल बयानबाजी कर अपनी कुण्ठित एवं विक्षिप्त मानसिकता का परिचय दिया है जिसकी जितनी भी निन्दा की जाय कम है। उन्होंने कहा कि सत्ता के नशे में भाजपा के नेता यह भी भूल जाते हैं कि देश की आजादी से लेकर देश की एकता, अखण्डता और सौहार्द में नेहरू गांधी परिवार का कितना बड़ा योगदान रहा है। प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री गणेश जोशी द्वारा गांधी परिवार के खिलाफ की गई टिप्पणी की कांग्रेस पार्टी कठोर शब्दों में निन्दा करती है तथा चेतावनी देती है कि यदि भाजपा मंत्री गणेश जोशी ने सार्वजनिक रूपसे माफी नहीं मांगी तथा उन्हें शीघ मंत्रिमण्डल से बर्खास्त नहीं किया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर आन्दोलन करेंगे तथा गणेश जोशी का हर मंचों पर विरोध को मजबूर होंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने भाजपा सरकार के मंत्री गणेश जोशी को विकृत मानसिकता वाला व्यक्ति बताते हुए कहा कि ऐसे व्यक्ति के हाथों मंत्रिमण्डल की डोर इस राज्य को कहां लेकर जायेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की कि गणेश जोशी को तत्काल मंत्रिमण्डल से बर्खास्त किया जाय।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *