सेव वाटर कैंपेन – जूनियर रेडक्रॉस सदस्यों का जल ही जीवन है, वर्षा जल संचयन अभियान

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

फरीदाबाद। सराय ख्वाजा फरीदाबाद के गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की जूनियर रेडक्रॉस और सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड ने प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा की अध्यक्षता में सेव वाटर अभियान चलाते हुए वर्षा जल संग्रहण जागरूकता के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की जेआरसी और एसजेएबी अधिकारी प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने कहा कि सभी को जल संरक्षण के लिए जागरूक करना और सभी तक स्वच्छ जल पहुंचाना बहुत ही आवश्यक है। विश्व की आधी से अधिक जनसंख्या शुद्ध पेयजल की कमी से त्रस्त है। वैश्विक सैनिटेशन के संकट को दूर करने के लिए तीव्र गति से वर्षा जल संचयन अभियान को साकार करने की आवश्यकता है, प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने कहा कि पृथ्वी के दो तिहाई भाग पर पानी है परंतु इस में से मात्र  तीन प्रतिशत पानी ही पीने योग्य है। विश्व में आज भी अत्यधिक मनुष्य पीने के पानी के लिए   कठिनाई में हैं तथा बहुत दूरवर्ती क्षेत्रों से पीने योग्य जल लाने के लिए बाध्य हैं जिस प्रकार से पीने योग्य जल पृथ्वी से कम होता जा रहा है, आने वाली पीढ़ी के लिए स्वच्छ और मीठा जल बचा पाना  असम्भव होता जा रहा है। लोगों को जल का महत्व बताने और जल संरक्षण करने के लिए गंभीर प्रयास करने का समय आ गया है। प्राचार्य मनचंदा ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के अनुसार आने वाले पांच वर्षों में जल की मांग आपूर्ति से अधिक हो जाएगी और फिर आने वाले बीस वर्षों में तक जल की मांग विश्व स्तर पर वर्तमान से डेढ़ गुना बढ़ जाएगी। घरेलू उपयोग में जल का प्रयोग अधिक होता है और व्यवसाय में जल की बर्बादी सबसे अधिक की जाती है। सभी जनों को पीने के लिए साफ और मीठा जल नहीं मिल पाता जिसके कारण कई जल जनित बीमारियां हो जाती हैं। इसलिए यह हम सभी का कर्तव्य है कि हम भी प्रतिदिन के कार्यों में परिवर्तन कर जल को बचाएं ता कि हमारी आने वाली पीढ़ी को साफ जल के लिए संकट न उठाना पड़े इसके लिए आज ही जल बचाएं और जल को व्यर्थ होने से रोकें। जल का बुद्धिमानी और मितव्ययता से उपयोग करके अधिक से अधिक युवाओं को ऐसे अभियान से जोड कर जल जागरूकता  आंदोलन बनाएं   और वर्षा जल की प्रत्येक बूंद का संचयन कर के संचित जल का उपयोग आवश्यकता  पड़ने पर करें। इस अवसर पर विद्यालय में जूनियर रेडक्रॉस और सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड सदस्यों ने जल ही जीवन है और वर्षा जल संचयन विषय पर पेंटिंग बना कर रैन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्राध्यापिका गीता और प्राध्यापिका सुशीला का सराहनीय योगदान रहा। प्राचार्य मनचंदा ने पोस्टर और पेंटिंग बना कर वर्षा जल की प्रत्येक बूंद का संग्रहण कर जागरूक करने के लिए छात्राओं दीपिका, रिया, अंजली, हबीबा, अर्चना, खुशी, करिश्मा सहित सभी छात्राओं का अभिनंदन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *