त्रिवेन्द्र का गोडसे पर बयान राष्ट्रविरोधी कृत्य : डॉ जसविन्दर सिंह गोगी

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। भाजपा सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के हत्यारे को देश भक्त बताये जाने की महानगर कांग्रेस पार्टी ने कड़े शब्दों में निन्दा की और राजधानी दून मे पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत का पुतला फूंका।
वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा गाँधी जी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताने के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष डॉ जसविन्दर सिंह गोगी की अध्यक्षता में विरोध प्रदर्शन किया और त्रिवेन्द्र सिंह रावत का पुतला फूंका। प्रदर्शन कारियो की सभा को सम्बोधित करते हुये महानगर अध्यक्ष डॉ जसविन्दर सिंह गोगी ने कहा कि राष्ट्रपिता का अपमान गाहे बगाहे भाजपा नेता करते रहें हैं, लेकिन एक वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री का ऐसा बयान हतप्रभ करने वाला है। मुख्यमंत्री धामी और भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व इस वक्तव्य पर त्रिवेन्द्र के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए स्पष्टीकरण दे। एक तरफ भाजपा नेता राष्ट्रपिता के हत्यारों का महिमामंडन करते हैं दूसरी तरफ इनके शीर्ष नेता गांधी जी का नाम देश विदेश में लेकर गांधीवादी होने का ढोंग रचते हैं ताकि देश दुनिया को यह लगे कि भाजपा लोकतांत्रिक, उदारवादी तथा अहिंसा में विश्वास रखने वाली पार्टी है। अंकिता भंडारी प्रकरण में भाजपा नेताओं का शामिल होना और मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा पिटाई के मामले से यह तो स्पष्ट था कि भाजपा हिंसा में विश्वास रखती है, लेकिन अब सारी हदें त्रिवेन्द्र रावत ने पार कर दी हैं। राष्ट्रपिता के हत्यारे का महिमामंडन भारत राष्ट्र के विचार और संविधान पर कुठाराघात है। यह निश्चित रूप से देशद्रोही कृत्य है। मुख्यमंत्री धामी कार्रवाई करें। इस देश मे जिन लोगों ने लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता की नींव रखी, और सबसे बड़ी बात अपने प्राणों का बलिदान देकर उस नींव और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ किया, उन राष्ट्रनिर्माताओं के हत्यारों की प्रशंसा करना इस देश की नींव को खोदने जैसा काम है। गांधी, नेहरू और पटेल जैसी विभूतियों ने तिनका तिनका जोड़कर, जाति, धर्म, क्षेत्र, विचारधारा पर आधारित वैमनस्य का खात्मा कर भारत राष्ट्र को वर्तमान स्वरूप में स्थापित किया है। इन नेताओं मेहनत और दूरदर्शिता के कारण भारत का मान दुनिया भर में है। भाजपा नेता विदेशों में तो गाँधी और लोकतंत्र की बात करते हैं और यहां गांधी जी के हत्यारों की प्रशंसा तथा तमाम तानाशाही के कार्य। ये पाखंड अब नहीं चलेगा। प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मुख्यमंत्री धामी से मांग करती हैं की वह अपने वरिष्ठ नेता त्रिवेन्द्र के बयान पर स्पष्टीकरण दें तथा त्रिवेन्द्र पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करें।
इस मौके पर मुख्य रूप से प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली, ललित बद्री, ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र तनेजा, विक्रांत राटी, पार्षद मनीष कुमार, अनूप कपूर, पूनम कंडारी, संजय शर्मा, राजेश पुंढीर, डॉ अरुण रतूड़ी, अर्जुन पासी, मेहताब, सजाद अंसारी, फारूक, आलोक मेहता, जेपी भट्टराई, लकी राणा, नरेश प्रसाद बंगवाल, प्रेम सिंह, संजय भारती, कुलदीप नरूला, राहुल तलवार, आदर्श सूद, सूरज छेत्री, वीरेंद्र पंवार, रोहित शर्मा, उत्वीर सिंह, जगपाल शर्मा, अमनदीप सिंह, अभिषेक तिवारी, अरुण बलोनी, शमीम मंसूरी, मदन लाल, अरुण, इस्लाम, आरिफ, मितलेश, मनीष गर्ग, राजा, आरिफ, अनुभव गुप्ता, आजाद, अर्जुन, दीपांशु आदि मौजूद थे।