September 13, 2026

गरूड़ में आयोजित होगा तीन दिवसीय कत्यूर महोत्सव

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

बागेश्वर। गरूड़ में 20 से 22 दिसंबर तक तीन दिवसीय कत्यूर महोत्सव आयोजित होगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अनुराधा पाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार मे बैठक आयोजित हुई। बैठक में दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट व विधायक पार्वती दास द्वारा भी प्रतिभाग किया गाया। कत्यूर महोत्सव में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।

बैठक में तय किया गया कि महोत्सव के दौरान भव्य झांकी निकाली जाएगी, तथा दीपदान व लेजर शो का आयोजन होगा। भकुनखोला मैदान में विभिन्न प्रतियोगिता के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट व विधायक पार्वती दास ने महोत्सव को भव्य व आकर्षक बनाए जाने पर बल दिया गया। उन्होंने कहा कि कत्यूर घाटी का गौरवशाली इतिहास रहा है। महोत्सव से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। यहां कई धार्मिक स्थल हैं जहां पर्यटक पहुंचेंगे तो स्थानीय लोगों को भी बेहतर रोजगार मिलेगा। प्रदेश सरकार धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास के लिए वचनबद्ध है।

जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यटन व धार्मिक गतिविधियां बढ़ाने के उद्देश्य से कत्यूर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आयोजन में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सौपे गये दायित्वों के तहत कार्य करने के निर्देश देते हुए सभी से समन्वय से कार्यो का निर्वहन करने को कहा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी आसी तिवारी, उपजिलाधिकारी मोनिका, अनुराग आर्या, पुलिस उपाधीक्षक एसएस राणा, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या, पर्यटन अधिकारी पीके गौतम समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *