दिल्ली में अपने दम पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी

दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को साफ कर दिया है कि पार्टी आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। पार्टी के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था। उन्होंने स्पष्ट किया कि 2025 की शुरुआत में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा। गौरतलब है कि राय का यह बयान गुरुवार को आप द्वारा अपने विधायकों के साथ बैठक के बाद आया है। इंडिया गठबंधन के साथ विधानसभा चुनाव लड़ने के बारे में पूछे जाने पर दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने कहा कि यह शुरू से ही स्पष्ट है कि इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए बना था। हमने लोकसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ा लेकिन दिल्ली विधानसभा चुनाव में देश में कोई गठबंधन नहीं है। हम दिल्ली की जनता के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। लोकसभा चुनाव से पहले हमने आप और कांग्रेस को चुनाव पूर्व गठबंधन बनाते हुए देखा, जिसका उद्देश्य भाजपा विरोधी वोटों के विभाजन को रोकना था। वही आप जिसने कभी कांग्रेस के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर पर सवार होकर खुद को राजधानी में एक मजबूत ताकत के रूप में स्थापित किया था। हालांकि, इससे दोनों दलों को कोई फायदा नहीं हुआ। बीजेपी ने सभी सात सीटों पर जीत हासिल की, जबकि इंडिया ब्लॉक दूसरे स्थान पर ही रहा। दोनों पार्टियाँ इसका लाभ उठाने में विफल रहीं क्योंकि भाजपा ने राजधानी के मतदाताओं पर अपना प्रभुत्व कायम रखा।