देहरादून। टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में आज राजधानीवासियों को भव्य राम मंदिर अयोध्या की झांकी के दर्शन हुये। इसके साथ ही महाकाल की भस्म आरती में डमरू बजाने वाले और महाकाल उज्जैन में मृदंग बजाने वाली पार्टी, महाराष्ट्र की प्रसिद्ध ढोल पार्टी ने भी अपनी प्रस्तुति दी। वहीं उत्तराखंड राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत श्री कृष्णा गिरी महाराज एवं महंत दिगम्बर भरत गिरी महाराज ने पूजा-अर्चना के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ किया। टपकेश्वर महादेव की शोभायात्रा पर हेलीकाॅप्टर से पुष्प वर्षा हुई।

आज प्रातः 10 : 30 बजे सहारनपुर चौक से टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। भगवान टपकेश्वर आज द्रोणनगरी के भ्रमण पर निकले। शोभायात्रा पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महामंडलेश्वर स्वामी विद्या गिरी महाराज ने शोभायात्रा का शुभारंभ किया। इस बार चारों धामों की झांकी के साथ ही टपकेश्वर महादेव के तीनों स्वरूप के दर्शन हुये। शोभायात्रा शिवाजी धर्मशाला से शुरू होकर सहारनपुर चौक, झंडा बाजार,रामलीला बाजार, पीपल मंडी, धामावाला बाजार, पलटन बाजार, घंटाघर, चकराता रोड, बिंदाल पुल, कैंट बोर्ड कार्यालय, डाकरा बाजार, गढ़ी कैंट होते हुए टपकेश्वर मंदिर पहुंची। इस अवसर पर मुख्य रूप से टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत श्री कृष्णा गिरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी विद्या गिरी महाराज , महंत दिगम्बर भरत गिरी महाराज, सेवादल अध्यक्ष गोपाल गुप्ता, महासचिव महेश खंडेलवाल उपस्थित रहे।

भगवान श्री टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभा यात्रा की सफलता के लिए माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर टपकेश्वर देहरादून के संस्थापक आचार्य डा. बिपिन जोशी ने महंत कृष्ण गिरी महाराज, पुजारी भरत गिरी जी महाराज और टपकेश्वर महादेव मंदिर सेवादल को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा संपूर्ण देहरादून शिवमय हो गया, धार्मिक, सामाजिक और हर वर्ग से जुड़े लोगों का उत्साह देखते ही बनता है। यह शोभा यात्रा संपूर्ण हिंदू समाज को जोड़ने का कार्य करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *