चारधाम यात्रा ड्यूटी : पुलिस जवानों का अधिकारियों ने बढ़ाया हौसला

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

चमोली। प्रसिद्ध चारधाम यात्रा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए इन दिनों पुलिस जवान सड़कों पर दिन-रात मुस्तैदी से ड्यूटी निभा रहे हैं। उनकी अथक मेहनत और समर्पण को देखते हुए, आज चमोली पुलिस द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। पुलिस उपाधीक्षक चमोली श्री मदन सिंह बिष्ट और थानाध्यक्ष गोपेश्वर विनोद चौरसिया ने संयुक्त रूप से गोपेश्वर क्षेत्र में यात्रा व्यवस्थाओं में जुटे पुलिस कर्मियों का हौसला बढ़ाया और उन्हें जलपान व राहत सामग्री वितरित की। सड़कों पर भीषण गर्मी और यातायात के दबाव के बीच ड्यूटी कर रहे जवानों को बिस्कुट के पैकेट, फ्रूटी (मैंगो ड्रिंक) और पानी की बोतलें प्रदान की गईं। यह सामग्री ड्यूटी के दौरान जवानों को तत्काल ऊर्जा और राहत प्रदान करने में सहायक होगी। इसके अतिरिक्त, यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव ज्योतिर्मठ में भी तैनात जवानों के लिए विशेष रूप से लंच पैकेट की व्यवस्था की गई। अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर जवानों से बातचीत की गई, उनकी समस्याएं सुनी गईं और उन्हें प्रेरित किया गया। चमोली पुलिस की इस पहल से ड्यूटी पर तैनात जवानों का मनोबल बढ़ा है। चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाने में पुलिस जवानों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *