17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक रुद्रप्रयाग में “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा” का होगा भव्य आयोजन
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
रुद्रप्रयाग, 13 सितंबर। जनपद रुद्रप्रयाग में 17 सितम्बर, 2025 से 02 अक्टूबर, 2025 तक “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा” बड़े स्तर पर मनाया जायेगा। इस वर्ष पखवाड़े की थीम “स्वच्छोत्सव” निर्धारित की गई है। पखवाड़े के अन्तर्गत स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों की पहचान एवं उनके रूपान्तरण, सफाई अभियान, वृक्षारोपण, स्वच्छता शपथ, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा शिविर, विद्यालयों में प्रतियोगिताएं तथा श्रमदान जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
विशेष रूप से 25 सितम्बर, 2025 को “एक दिन – एक घंटा – एक साथ” स्वैच्छिक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा, जिसमें समस्त शासकीय कार्यालय, विद्यालय, पंचायत भवन, नगरीय व ग्रामीण क्षेत्र, धार्मिक स्थल एवं बाजार क्षेत्र शामिल रहेंगे।
पखवाड़े के दौरान प्रमुख गतिविधियां निम्नवत होंगी :- ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में ब्लैक स्पॉट की सफाई एवं पूर्व/पश्चात फोटोग्राफ अपलोड किए जाएंगे वहीं जल स्रोतों के आसपास सफाई, वृक्षारोपण एवं स्वच्छता शपथ भी दिलाई जाएगी। सफाई मित्र सुरक्षा एवं स्वास्थ्य शिविर के साथ ही विद्यालयों में निबंध, कविता एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। स्वच्छता रैलियां, स्वच्छता दौड़ एवं मानव श्रृंखला सहित अपशिष्ट से कला प्रतियोगिता एवं युवा सम्पर्क कार्यक्रम आयोजित होंगे। स्वच्छ भारत सांस्कृतिक उत्सव, सार्वजनिक स्थल, कार्यालय, संस्थागत भवन एवं धार्मिक/पर्यटन स्थलों पर विशेष सफाई अभियान कार्यक्रम के साथ ही 02 अक्टूबर, 2025 को स्वच्छोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
जनपद स्तर पर तिथिवार प्रमुख गतिविधियां एवं दायित्व इस प्रकार हैं :-
17 सितम्बर, 2025 : आर्मी बैंड से गुलाबराय क्रीड़ा मैदान तक स्वच्छता जनजागरूकता रैली, शपथ ग्रहण एवं जिला चिकित्सालय में ब्लड डोनेशन शिविर –
18 सितम्बर, 2025 : जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, गुप्तकाशी, उखीमठ व केदारपुरी में स्वच्छता अभियान।
19 सितम्बर, 2025 : अमृत सरोवर एवं ग्राम्य जलस्रोतों के आसपास सफाई।
20 सितम्बर, 2025 : चिन्हित क्लीनिंग टारगेट यूनिट (CTU) स्थलों की सफाई।
21 सितम्बर, 2025 : अगस्त्यमुनि में मैराथन दौड़।
22 सितम्बर, 2025 : धार्मिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान।
25 सितम्बर, 2025 : “एक दिन – एक घंटा – एक साथ” स्वैच्छिक श्रमदान एवं गौरीकुण्ड में मेडीकल / खच्चर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर।
27 सितम्बर, 2025 : पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान।
29 सितम्बर, 2025 : वोकल फॉर लोकल स्टाल एवं प्रदर्शनी – तीनों विकासखण्डों में।
02 अक्टूबर, 2025 : डायट रतूड़ा में स्वच्छोत्सव का वृहद आयोजन।
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन ने जनपद के समस्त विभागीय अधिकारियों, स्थानीय निकायों, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सेवी संगठनों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं आमजन से अपील की है कि वे बढ़-चढ़कर “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा – 2025” में प्रतिभाग करें और रुद्रप्रयाग जनपद को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने में सहयोग प्रदान करें।
