आधी मांगें मानने पर धरना हो सकता है समाप्त पर संघर्ष चलता रहेगा : सूर्यकांत धस्माना

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून, 25 नवंबर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना आज शाम उपनल कर्मचारियों के धरना स्थल पहुंचे और कार्मिक अनशन पर बैठे श्रीमती रेणु नेगी और श्री प्रेम सिंह का जूस पिला कर कार्मिक अनशन समाप्त करवाया व आमरण अनशन पर बैठे योगेश बड़ौनी से आग्रह कर उनको जल ग्रहण करने के लिए राजी कर उनको जल ग्रहण करवाया। आज दिन भर शासन में अधिकारियों से चली वार्ता के बाद कर्मचारी शासन की ओर से लिखित आदेश का इंतजार कर रहे थे इसी बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना उपनल कर्मचारियों के धरना स्थल परेड ग्राउंड पहुंचे जहां उनको उपनल कर्मचारियों के संगठन के नेताओं ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। श्री धस्माना ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार जिस संकल्प के साथ उपनल का धरना शुरू हुआ था उसका आधा परिणाम शायद आज देर शाम आ जाएगा और अगर समान काम के लिए समान वेतन का आदेश आ जाता है तो आधी लड़ाई जीती मानी जाएगी और आधी के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार इतने कड़े संघर्ष के बाद आज न्याय संगत मांग पर चर्चा और कुछ करने के लिए तैयार हुई यह संघर्ष का परिणाम है और इसके लिए संघर्ष में शामिल सभी उपनल कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। श्री धस्माना ने कहा कि इस संघर्ष में जितने लोगों ने भी सहयोग किया उन सभी का आभार हम उपनल कर्मचारियों की तरफ से करते हैं। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष उपनल कर्मचारी महासंघ विनोद गोदियाल व अन्य पदाधिकारियों ने श्री धस्माना का उपनल कर्मचारियों के संघर्ष में हर कदम पर साथ देने के लिए आभार व्यक्त किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *