मुंबई से बारामती जा रहे चार्टर प्लेन के क्रैश लैंडिंग में पांच लोगों की मौत
नई दिल्ली। राष्ट्रवादी कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार की बुधवार सुबह बारामती में लैंडिंग से पहले उनका प्लेन क्रैश होने से मौत हो गई। प्लेन में पवार और उनके सुरक्षा कर्मचारियों समेत छह लोग सवार थे। उप मुख्यमंत्री ज़िला परिषद चुनावों से पहले चार जनसभाओं को संबोधित करने के लिए अपने गृहनगर बारामती जाने के लिए सुबह मुंबई से निकले थे। क्रैश साइट से मिले विजुअल्स में इलाके में मलबा बिखरा हुआ दिख रहा था, और प्लेन से आग की लपटें और घना धुआं निकल रहा था। पवार एक प्राइवेट चार्टर्ड प्लेन में यात्रा कर रहे थे। इस पूरी दुर्घटना के बारे में डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन ने भी अपना बयान जारी करते हुए कहा कि मुंबई से बारामती जा रहे चार्टर प्लेन के क्रैश लैंडिंग में पांच लोगों की मौत हो गई है, जिसमें महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार भी शामिल है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों को ले जा रहा एक विमान बारामती हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को इसकी पुष्टि की। अधिकारी ने बताया कि डीजीसीए के अधिकारियों की एक टीम दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। उन्होंने बताया कि हादसे के समय लियरजेट 45 विमान में कुल पांच लोग सवार थे। इनमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार, दो अन्य कर्मचारी (एक पीएसओ और एक अटेंडेंट) और दो क्रू सदस्य (पायलट इन-कमांड और फर्स्ट ऑफिसर) शामिल थे। अधिकारी ने कहा, शुरुआती जानकारी के अनुसार इस हादसे में विमान में सवार कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बच पाया है। विमान हादसे में जिन लोगों की जान गई है, उनकी पहचान अजित पवार (उप मुख्यमंत्री), विदीप जाधव (पीएसओ), कैप्टन सुमित कपूर (पायलट), कैप्टन संभवी पाठक और पिंकी माली (फ्लाइट अटेंडेंट) के रूप में हुई है। विमान ने सुबह 8:10 बजे सकाली से उड़ान भरी थी और उसे 8:50 बजे बारामती के हवाई अड्डे पर उतरना था। लेकिन उतरते समय यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
