बैडमिंटन टूर्नामेंट की ऑफिशियल टी-शर्ट का लोकार्पण

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज हेमवती नंदन बहुगुणा इनडोर स्टेडियम, अल्मोड़ा में स्वर्गीय सीएल सेन मेमोरियल मिनी जूनियर बैडमिंटन टूर्नामेंट की ऑफिशियल टी-शर्ट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं जनपद में खेल संस्कृति को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नन्हीं प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि बाल्यावस्था से ही खेलों में सहभागिता बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रशासन की ओर से खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन देने हेतु हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में सेन सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सोसाइटी एवं जिला बैडमिंटन संघ अल्मोड़ा द्वारा 17 फरवरी से 19 फरवरी तक हेमवती नंदन बहुगुणा इनडोर स्टेडियम में मिनी जूनियर बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता अंडर-8, अंडर-9, अंडर-10 एवं अंडर-11 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन 17 फरवरी को सायं 5 बजे कुमाऊँ आयुक्त श्री दीपक रावत एवं जिलाधिकारी श्री अंशुल सिंह द्वारा किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी श्री रामजीशरण शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। टी-शर्ट लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के सचिव श्री बीएस मनकोटी, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन कोच श्री डी के सेन, उप जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री अरुण बंग्याल, टूर्नामेंट आयोजक सचिव श्री गोकुल मेहता सहित अन्य पदाधिकारी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *