October 27, 2026

यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस; 26 की मौत कई घायल

यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस; 26 की मौत कई घायल
देहरादून। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डामटा के पास चारधाम यात्रियों की एक बस खाई में गिर गई। बस में मध्‍य प्रदेश के तीर्थयात्री और ड्राइवर सहित 30 लोग सवार थे। हादसे में 26 लोगों की मौत हुई है। दुर्घटना यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डामटा और बर्नीगाड के बीच हुई है। रविवार शाम करीब सवा सात बजे यमुनोत्री धाम से 70 किलोमीटर पहले डामटा के पास यह हादसा हुआ। अब तक 24 तीर्थ यात्रियों के शवों को निकाला गया है। 4 घायलों को हायर सेंटर मैक्स हॉस्पिटल देहरादून रैफर किया गया। अन्‍य घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए डामटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया है। दुर्घटना की प्रारंभिक वजह चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त बस का बिना रुके यह तीसरा ट्रिप था। वहीं उत्‍तराखंड परिवहन विभाग ने दुर्घटना में मृतकों को एक-एक लाख रुपये और गंभीर घायलों को 40 हजार रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने हादसे पर दुख जताया। साथ ही अधिकारियों को घायलों को समुचित उपचार देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दुर्घटना का जायजा लेने सचिवालय स्थित आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे हैं। वह दुर्घटना और राहत व बचाव कार्यों की जानकारी ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को तेजी से राहत व बचाव कार्य करने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था के निर्देश भी दिये हैं। बताया गया है कि एसडीएम, तहसीलदार बडकोट, एसडीआरएफ, पुलिस और एंबुलेंस तैनात की गई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उत्तरकाशी में खाई में गिरे 28 तीर्थयात्रियों को लेकर बस के संबंध में बात की है। उन्‍होंने ट्वीट किया है कि स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें बचाव कार्य में लगी हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है। एनडीआरएफ की टीम जल्द पहुंचेगी।
घायलों की सूची :- हकीराजा, पत्नी उदय सिंह राजा निवासी चखला थाना सिमरिया जिला पन्ना मध्य प्रदेश, उदय सिंह राजा निवासी चखला थाना सिमरिया जिला पन्ना मध्य प्रदेश, राजकुमारी पत्नी मस्तराम राजपूत निवासी सिमरिया जिला पन्ना मध्य प्रदेश, हीरा सिंह निवासी पिथौरागढ़ चालक
मृतकों की सूची :- राजकुमार (38), मेनका प्रसाद (56) सरोज (54), बदरी प्रसाद (63), करन सिंह (62), चनारकली (61), मोतीलाल (62), बलदेव (77), कुसुमबाई (77), अनिल कुमारी (50), कृष्ण बिहारी (69), प्रभा (63), शकुंतला (60), पर्वती (62), सीलाबाई (61), विश्वकांत (39), चंद्रकला (57), राजभाई (59), धनीराम (72), कामबाई (57),वृंद्रावन (61), कमला (59), रामसखी (63), गीताबाई (55), कंछेद लाल (62), सभी पन्ना मध्य प्रदेश के निवासी।परिचालक बिक्रम बोरा निवासी अल्मोड़ा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *