जिला स्तरीय ओपन बालक-बालिका बास्केटबॉल एवं हॉकी प्रतियोगिताओं का आयोजन

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून। देहरादून में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित ‘जन-जन की सरकार–चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के अंतर्गत जिला खेल कार्यालय द्वारा संपन्न हुई जिला स्तरीय ओपन बालक-बालिका बास्केटबॉल एवं हॉकी प्रतियोगिताओं ने खेल प्रेमियों को रोमांच और उत्साह से भर दिया।

परेड ग्राउंड और पवेलियन ग्राउंड में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में जिले भर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले खासे प्रतिस्पर्धात्मक रहे, जहां खिलाड़ियों ने अनुशासन, कौशल और टीम भावना का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया। बास्केटबॉल के बालिका वर्ग में परेड ग्राउंड ए ने संतुलित खेल और सटीक शूटिंग के दम पर अमीषा क्लब को 37-18 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं बालक वर्ग में गरूड़ा क्लब ने परेड ग्राउंड ए के खिलाफ बेहद रोमांचक मुकाबले में 44-38 से जीत दर्ज कर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

दूसरी ओर, हॉकी प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों का जोश देखने लायक रहा। बालिका वर्ग में स्टेडियम ट्रेनीज ने एमकेपी पर 4-0 की शानदार जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम किया, जबकि बालक वर्ग में सेंट एग्नेस और जीआईसी किशनपुर के बीच हुआ मुकाबला आखिरी क्षण तक रोमांच से भरपूर रहा, जिसमें सेंट एग्नेस ने 6-5 से जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया। इन प्रतियोगिताओं ने न केवल खिलाड़ियों की खेल क्षमता को निखारने का कार्य किया, बल्कि युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता और प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूती दी। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अर्जुन अवॉर्डी बास्केटबॉल खिलाड़ी विशेष भृगुवंशी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी रविंद्र भंडारी, सहायक प्रशिक्षक अमित कटारिया, बास्केटबॉल प्रशिक्षक दिनेश असवाल, हॉकी प्रशिक्षक विजय पाल सहित अनेक खेल प्रेमी एवं अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *