विभिन्न स्थलों पर आयोजित की गई व्यापक स्वच्छता एवं जन-जागरूकता गतिविधियाँ

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून, 09 अप्रैल। नगर निगम देहरादून द्वारा शहरी विकास निदेशालय, उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार संचालित “स्वच्छता सप्ताह” अभियान के तृतीय दिवस शहर के विभिन्न स्थलों पर व्यापक स्वच्छता एवं जन-जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

अभियान के अंतर्गत स्वतंत्रता सेनानी पार्कों, स्मारकों, प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक/सामुदायिक शौचालय (सीटी/पीटी), विभिन्न ट्रांसपोर्ट हब्स (जैसे आईएसबीटी एवं रेलवे स्टेशन) सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तिलक पार्क, केदार पार्क, शहीद पार्क, आईएसबीटी, देहरादून रेलवे स्टेशन, गांधी पार्क, एम.डी.डी.ए पार्क, डिफेंस कॉलोनी पार्क सहित विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता कार्य एवं जनजागरूकता गतिविधियाँ सफलतापूर्वक संपन्न की गईं।

वार्ड 21 स्थित पं. दीनदयाल पार्क में विशेष महाभियान का आयोजन किया गया, जिसमें नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल, नगर आयुक्त नमामि बंसल, क्षेत्रीय पार्षद रोहन चंदेल, सहायक नगर आयुक्त  राजबीर सिंह चौहान जी, समस्त मुख्य सफाई निरीक्षक/सफाई निरीक्षक, नव-नियुक्त 10 सफाई निरीक्षक एवं सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

इस अवसर पर “अटल निर्मल नगर पुरस्कार योजना” के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले 3 सफाई कर्मियों —

  1. श्रीमती अंजु (वार्ड 33)
  2. श्री कल्प पुत्र (वार्ड 25)
  3. श्री सोनू (वार्ड 52)

को रुपए 10,000/- (प्रत्येक) की धनराशि देकर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मियों को प्रोत्साहित करना एवं अन्य कर्मचारियों को प्रेरित करना है। नगर निगम देहरादून द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान “स्वेच्छा से स्वच्छता – महा अभियान” थीम के अंतर्गत जनभागीदारी को बढ़ावा देने, स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण को प्रोत्साहित करने तथा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नगर निगम देहरादून समस्त नागरिकों से अपील करता है कि वे स्वच्छता सप्ताह के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें एवं शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *