डीएम ने दिये समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

पौड़ी, 24 अप्रैल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शुक्रवार को एनआईसी कक्ष में आयोजित बैठक में जनगणना 2026 की तैयारियों एवं स्व-गणना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने प्रगणकों व पर्यवेक्षकों को दिए गए प्रशिक्षण का आकलन करते हुए कार्य की गुणवत्ता, शुद्धता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जनगणना का प्रथम चरण 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक संचालित होगा। सभी उपजिलाधिकारियों से स्व-गणना की प्रगति की जानकारी ली गई तथा सीमांकन कार्य की समीक्षा की गई, जो जनपद में पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी प्रगणक प्रतिदिन लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करें तथा 27 अप्रैल तक अपने-अपने क्षेत्रों में कुल परिवारों की संख्या का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही अपर जिलाधिकारी को जनगणना कार्य की साप्ताहिक समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना योजना निर्माण का आधार है, इसलिए आंकड़ों की शुद्धता व विश्वसनीयता सर्वोपरि है। सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी तकनीकी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, जिला शिक्षाधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, अपर सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत काला एवं मास्टर ट्रेनर कमल कर्नाटक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *