May 7, 2026

बस्ती बचाओ आन्दोलन ने भेजा मुख्यमंत्री सहित प्रशासन को ज्ञापन

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून। बिंदाल क्षेत्र में बाढ़ पीड़ितों को स्थायी सुरक्षा न मिलने पर बस्ती बचाओ आन्दोलन ने मुख्यमंत्री सहित प्रशासन को ज्ञापन भेजा। बिंदाल क्षेत्र में पिछले वर्ष आयी भीषण बाढ़ से पीड़ित परिवार अब तक राहत और पुनर्वास के अभाव में कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। इसी को लेकर ‘बस्ती बचाओ आन्दोलन’ ने आज मुख्यमंत्री, मेयर नगर निगम, जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार सदर को ज्ञापन भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। बस्ती बचाओ आन्दोलन के संयोजक अनन्त आकाश ने बताया कि 11 अगस्त, 15 एवं 16 सितंबर 2025 की बाढ़ में जो परिवार बेघर हुए थे, वे आज भी पुनर्वास की प्रतीक्षा कर रहे हैं। हाल की अतिवृष्टि से नदी का जलस्तर फिर बढ़ गया है, जबकि क्षतिग्रस्त पुश्तों (तटबंधों) का निर्माण अब तक नहीं हो पाया है। इससे पीड़ितों को दोबारा नुकसान उठाने का खतरा पैदा हो गया है।

ज्ञापन में मांग की गई कि क्षतिग्रस्त पुश्तों का प्राथमिकता से निर्माण कराया जाए ताकि बस्तियों को स्थायी सुरक्षा मिल सके। पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत एवं पुनर्वास सहायता प्रदान की जाए। भविष्य में बाढ़ से बचाव हेतु एक दीर्घकालिक योजना बनाई जाए। आन्दोलन के संयोजक ने कहा कि प्रशासन के पास प्रभावित परिवारों की सूची पहले से ही उपलब्ध है, फिर भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने अधिकारियों से इस मामले में संजीदगी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *