आस्था की भीड़ में बिछड़ी बेटी, पुलिस ने मिलाया
चमोली। बद्रीनाथ धाम में दर्शन के दौरान जय कुमारी सोनी अचानक अपनी बेटी रेखा सोनी से बिछड़ गईं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और अपरिचित माहौल के बीच हर तरफ तलाश करने के बाद भी जब बेटी नहीं मिली तो वे बहुत परेशान हो उठीं। सहायता के लिए उन्होंने साकेत तिराहा पर ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों से मदद की गुहार लगाई।
पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए रेखा सोनी की तलाश शुरू की तो काफी देर की खोजबीन एवं पुलिस कर्मियों की सूझबूझ के बाद आखिरकार रेखा सोनी को सकुशल ढूंढकर उनकी माँ से मिलाया गया। जैसे ही माँ-बेटी आमने-सामने आईं, दोनों की आँखों से आँसू छलक पड़े। भावुक पल ऐसा था कि दोनों एक-दूसरे को गले लगाकर देर तक रोती रहीं।
इस संकट की घड़ी में मिली मदद से अभिभूत माँ-बेटी ने पुलिस टीम का कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया और अश्रुपूरित आँखों से अपने गन्तवय को रवाना हुए।
