जिलाधिकारी ने किया इण्डोर स्टेडियम एवं खेल कार्यालय का निरीक्षण
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
पौड़ी। जनपद मुख्यालय स्थित कण्डोलिया इण्डोर स्टेडियम को आधुनिक खेल सुविधाओं से युक्त विकसित खेल परिसर के रूप में तैयार करने की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने इण्डोर स्टेडियम एवं खेल कार्यालय का निरीक्षण कर चल रहे विकास कार्यों, उपलब्ध खेल सुविधाओं तथा आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के पूर्व निर्देशों के क्रम में बैडमिंटन कोर्ट के सुदृढ़ीकरण हेतु स्वीकृत धनराशि से लोक निर्माण विभाग द्वारा कार्य कराया गया है। लंबे समय से क्षतिग्रस्त फ्लोरिंग को बदलकर आधुनिक फ्लोरिंग एवं कोर्ट मैट स्थापित किए गए हैं, जिससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बेहतर खेल वातावरण मिलेगा। उन्होंने बताया कि इण्डोर स्टेडियम में चार बैडमिंटन कोर्ट बनाए जा रहे हैं, जिनके सुदृढ़ीकरण का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और शीघ्र ही खिलाड़ियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण इण्डोर खेल सुविधा उपलब्ध होगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हाल ही में स्थापित प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त लाइटें लगाने, मुख्य प्रवेश द्वार पर फोकस लाइट स्थापित करने तथा आकर्षक साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं के साथ-साथ परिसर का समुचित सौंदर्यीकरण भी आवश्यक है। इसके लिए पाइपलाइन व्यवस्था को व्यवस्थित करने, जालियों पर रंग-रोगन कराने, भवन रखरखाव कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा लकड़ी की संरचनाओं पर गुणवत्तापूर्ण वुडन पॉलिश कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने खेल उपकरणों एवं सामग्री के सुरक्षित रखरखाव हेतु कैबिनेट निर्माण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही खेल कार्यालय में पेयजल एवं शौचालय सुविधाओं की समीक्षा करते हुए खिलाड़ियों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
लॉन टेनिस कोर्ट के आसपास आवश्यक विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए विस्तृत आकलन तैयार करने, जलापूर्ति व्यवस्था की जांच कराने तथा सभी जल कनेक्शनों को सुचारु रखने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि आधुनिक खेल अवसंरचना का विकास खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ जनपद में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी जयबीर रावत, डीएसटीओ राम सलोने, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग विवेक सेमवाल, कनिष्ठ अभियंता वैभव चन्दोला सहित अन्य अधिकारी एवं कोच उपस्थित रहे।
