स्वतंत्रता सेनानी सदन निर्माण के लिए बजट स्वीकृत की मांग

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र चंपावत के अंतर्गत ग्राम धूरा के चौड़ाकोट में स्वतंत्रता सेनानी परिवार के सहयोगी महेश चौड़ाकोटी के अथक प्रयास से क्षेत्र के सात स्वतंत्रता सेनानियों की मूर्ति स्थापित करवा कर स्मारक का निर्माण हुआ था। जिसको भव्यता प्रदान करने के लिए सौंदर्य करण का कार्य शुरू किया गया, जिसके लिए 20 लाख रुपए की धनराशि आवंटित हुई। उक्त सूक्ष्म धनराशि से स्थल समतलीकरण एवं मात्र पिलर खड़े करने का कार्य ही हो सका। जिससे राष्ट्रीय पर्वों पर होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह बाधित होने लगे। चौड़ाकोटी द्वारा समय-समय पर विभिन्न प्रयास किए गए। ज्ञात हो कि स्थल की भव्यता एवं विशाल भवन निर्माण हेतु मुख्यमंत्री द्वारा भी घोषणा की गई जिसके सापेक्ष लोक निर्माण विभाग द्वारा एक करोड़ 63 लाख का एस्टीमेट बनाकर स्वीकृति हेतु शासन को भेज दिया गया है। बजट स्वीकृति में देरी के कारण क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानी परिवारों में रोष व्याप्त है।

अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद परिवार कल्याण महा परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पन्त ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर मांग की कि महान स्वतंत्रता सेनानियों के स्मारक एवं भवन निर्माण हेतु अविलंब बजट स्वीकृति के आदेश पारित कर देश के महान शहीद/ स्वतंत्रता सेनानियों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करें। साथ ही श्री पन्त ने उनके द्वारा पूर्व में मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान दिए गए मांग पत्र का संज्ञान लेते हुए देहरादून में नवनिर्मित उत्तराखंड स्वतंत्रता सेनानी सदन का नाम नेताजी सुभाष चंद्र बोस सदन के नाम की घोषणा 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर करने की मांग की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *