July 23, 2026

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

नई दिल्ली। कीमती धातुओं की संगठित तस्करी पर अपनी लगातार कार्रवाई जारी रखते हुए, राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने देश भर में खुफिया जानकारी पर आधारित कई अभियान चलाए, जिसके फलस्वरूप विदेशी मूल का तस्करी किया हुआ 15 किलोग्राम सोना, 20 किलोग्राम चांदी, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹22 करोड़ है, और  ₹2.20 करोड़ की भारतीय मुद्रा जब्त की गई है। इन अभियानों में अब तक कुल तेरह लोग को गिरफ्तार किया जा चुका है। नई दिल्ली में डीआरआई अधिकारियों ने तस्करी की गई कीमती धातुओं और नकदी की अवैध बरामदगी से जुड़े एक बड़े ऑपरेशन का भंडाफोड़ किया। इस ऑपरेशन के दौरान, अधिकारियों ने विदेशी मूल का लगभग 5 किलोग्राम सोना, 20 किलोग्राम चांदी, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹7.37 करोड़ है, और ₹2.20 करोड़ की भारतीय मुद्रा जब्त की, जो तस्करी के माल की बिक्री से प्राप्त राशि मानी जा रही है। दो लोगों को इसमें गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले 15-16 जुलाई 2026 को, एक खुफिया जानकारी के आधार पर, दिल्ली स्थित डीआरआई अधिकारियों ने बागडोगरा से आए एक भारतीय यात्री को आईजीआई हवाई अड्डे पर रोका और उसके सामान के धातु के फ्रेम की छड़ों के अंदर चतुराई से छिपाए गए लगभग 1 किलोग्राम विदेशी मूल के सोने को बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग ₹1.35 करोड़ थी। यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया था। 15-16 जुलाई 2026 के दौरान चलाए गए एक अन्य खुफिया अभियान में, डीआरआई ने मुंबई हवाई अड्डे के माध्यम से संचालित एक संगठित सोने की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया और लगभग 5 किलोग्राम 24 कैरेट सोने की धूल (मोम के रूप में) जब्त की, जिसकी कीमत लगभग ₹7.50 करोड़ है। इस सोने की तीन विदेशियों द्वारा तस्करी की जा रही थी, जो मुंबई हवाई अड्डे से होकर गुजर रहे थे। मोम के रूप में तस्करी की गई सोने की धूल को उन्होंने बड़ी चतुराई से अपने अंतर्वस्त्रों के भीतर छिपा रखा था और हवाई अड्डे के भ्रष्ट कर्मचारियों के एक नेटवर्क के माध्यम से यात्रा के दौरान इसे स्थानांतरित कर दिया था। डीआरआई अधिकारियों ने तस्करी किए गए सोने को गुप्त रूप से स्थानांतरित करने में शामिल तीन हवाई अड्डे के कर्मचारियों को भी पकड़ा। सभी छः लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस अभियान ने एक बार फिर हवाई अड्डों के माध्यम से सोने की तस्करी को सुविधाजनक बनाने में शामिल भ्रष्ट हवाई अड्डे के कर्मचारियों की मिलीभगत को उजागर किया। 15 और 16 जुलाई 2026 को पश्चिम बंगाल में दो अलग-अलग अभियानों में, डीआरआई अधिकारियों ने बिधाननगर और बर्धमान में दो वाहनों को रोका, जिनमें विदेशी मूल का तस्करी किया हुआ सोना ले जाया जा रहा था। वाहनों में विशेष तौर पर बनाई गई खोखली जगहों में चालाकी से छिपाए गए 32 विदेशी मूल के लगभग 4 किलोग्राम वजन के सोने के बिस्कुट बरामद किए गए। जब्त किए गए सोने की कीमत लगभग ₹6 करोड़ है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। खुफिया जानकारी पर आधारित ये अभियान संगठित सीमा पार सोने की तस्करी से निपटने और देश की आर्थिक सीमाओं की रक्षा करने के लिए डीआरआई की अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *