धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा सत्य की जीत और छात्रों के संघर्ष की विजय : डॉ. जसविंदर सिंह गोगी

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून। महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह देश के करोड़ों छात्रों, युवाओं और उनके अभिभावकों के संघर्ष की जीत है। डॉ. गोगी ने कहा कि “सत्य को परेशान किया जा सकता है, पराजित नहीं।” लंबे समय से कांग्रेस पार्टी और देश का छात्र-युवा वर्ग लगातार शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ के खिलाफ आवाज़ उठा रहा था। केंद्र सरकार ने इन आवाज़ों को दबाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन अंततः सत्य की विजय हुई और नैतिक जिम्मेदारी तय होने के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पद छोड़ना पड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ी है। आज का घटनाक्रम इस बात का प्रमाण है कि लोकतंत्र में जनआवाज़ को अधिक समय तक दबाया नहीं जा सकता। डॉ. गोगी ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति के इस्तीफे का मामला नहीं है, बल्कि यह उन लाखों युवाओं के विश्वास की जीत है जिन्होंने न्याय की उम्मीद नहीं छोड़ी। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, पेपर लीक और परीक्षा घोटालों में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी एवं जवाबदेह व्यवस्था बनाई जाए। अंत में डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे भी हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी और जनता की आवाज़ को बुलंद करती रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *