August 21, 2026

अनंतराव लक्ष्मण गुरव के निधन का समाचार स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति : अवधेश पन्त

संदीप गोयल/एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून, 21 अगस्त। ज्येष्ठ स्वतंत्रता सेनानी एवं अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद परिवार कल्याण महा परिषद के संस्थापक संरक्षक अनंतराव लक्ष्मण गुरव (मुंबई) के निधन से स्वतंत्रता सेनानी परिवारों में शोक की लहर है। महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग निवासी गुरव का शुक्रवार तड़के करीब 3:15 बजे वृद्धावस्था में हृदय संबंधी तकलीफ के चलते निधन हो गया।
अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद परिवार कल्याण महा परिषद (रजि.) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पन्त ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि गुरव का निधन देशभर के स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि गुरव लंबे समय तक महापरिषद से जुड़े रहे और स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के विभिन्न प्रश्नों तथा समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग करते रहे।
अवधेश पन्त ने कहा कि अनंतराव गुरव ने गोवा मुक्ति संग्राम में सक्रिय भूमिका निभाकर राष्ट्रसेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। स्वतंत्रता सेनानियों के अधिकारों और उनके परिवारों से जुड़े प्रश्नों के समाधान के लिए उन्होंने जीवनभर संघर्ष किया। भारतीय स्वतंत्रता सेनानी उच्चाधिकार समिति, दिल्ली के सदस्य के रूप में भी उन्होंने देशभर के स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को न्याय दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए।
उन्होंने कहा कि गुरव का त्याग, राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के प्रति आत्मीयता उन्हें विशिष्ट व्यक्तित्व बनाती थी। वे अपनी उपस्थिति और अनुभव से स्वतंत्रता सेनानी परिवारों का मार्गदर्शन करते रहे। उनके निधन से स्वतंत्रता सेनानी परिवारों ने एक वरिष्ठ मार्गदर्शक, संघर्षशील साथी और कर्तव्यनिष्ठ सहयोगी खो दिया है।
अवधेश पन्त ने कहा कि अनंतराव गुरव का राष्ट्रसेवा का कार्य, स्वतंत्रता संग्राम के प्रति उनका समर्पण और स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के हितों के लिए उनकी निरंतर सक्रियता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस स्वतंत्रता सेनानी/उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ तथा अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद परिवार कल्याण महा परिषद की ओर से उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। महापरिषद तथा देशभर के स्वतंत्रता सेनानी परिवारों की ओर से अनंतराव लक्ष्मण गुरव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

 

 

Don't Miss

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *