जिला उद्योग मित्र समिति एवं जिला स्तरीय निर्यात समिति की बैठक आयोजित
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
बगैश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सभागार में जिला उद्योग मित्र समिति एवं जिला स्तरीय निर्यात समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने, लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण तथा स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने एकल खिड़की व्यवस्था के तहत लंबित आवेदनों की समीक्षा कर संबंधित विभागों से अद्यतन स्थिति मांगी तथा लघु एवं मध्यम उद्यम नीति का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र उद्यमियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। निर्यात समिति में कीवी, ट्राउट, मसाले, कुटकी सहित पर्वतीय उत्पादों की निर्यात संभावनाओं पर चर्चा हुई। उत्पादों के सुरक्षित भंडारण हेतु कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया गया। स्थानीय उत्पादकों और खरीदारों को सीधे जोड़ने के लिए जनपद में बायर-सेलर मीट आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रशिक्षित पर्यटन गाइड विकसित करने के लिए नीति एवं प्रस्ताव तैयार करने को कहा। अधिकारियों को तीन दिवस में अनुपालन आख्या देने के निर्देश दिए।
