वृद्ध महिला के ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझी, अभियुक्त गिरफ्तार
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। एसएसपी देहरादून की कुशल रणनीति अपराधियों पर भारी पडती नज़र आ रहीं हैं। दून पुलिस ने 12 घंटे के अंदर रायपुर क्षेत्र में हुए वृद्ध महिला के ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाते हुये घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया हैं। पुलिस के अनुसार घर पर काम करने वाला नौकर ही घटना का सूत्रधार निकला हैं। बकाया पैसों के लेन-देन को लेकर मृतका से विवाद हो गया था। हत्या के बाद वृद्धा द्वारा पहने गये सोने के कडे को लेकर अभियुक्त मौके से फरार हो गया था। घटना की संवेदनशीलता के दृष्टिगत एसएसपी देहरादून द्वारा मौके पर तत्काल पहुंचकर घटना के सम्बन्ध में जानकारी ली और घटना के खुलासे के लिये अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये थे। अभियुक्त के कब्जे से घटना में मृतका से लूटा गया कडा बरामद हुआ हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनेश बंसल निवासी रायपुर द्वारा में 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी की उनकी पत्नी उम्र 72 वर्ष घर में अचेत अवस्था में पड़ी हुई हैं तथा उनके चेहरे पर चोट के निशान भी हैं। सूचना पर थाना रायपुर से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। जहां एक वृद्ध महिला अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी, जिस पर तत्काल 108 को बुलाया गया जिनके द्वारा महिला को मृत्यु घोषित किया गया। उक्त घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई जिस पर एसएसपी देहरादून स्वंय तत्काल मौके पर पहुंचकर उपस्थित अन्य अधिकारियों से मौके के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी ली गई। घटनास्थल पर तत्काल एफएसएल की टीम को बुलाकर कर घटना स्थल से साक्ष्य संकलन, फोटोग्राफी तथा वीडियोग्राफी की कार्यवाही की गई। प्रकरण के सम्बन्ध में वादी दिनेश बंसल द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना रायपुर पर तत्काल मु.अ.सं.- 360/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना की संवेदनशीलता/गंभीरता के दृष्टिगत एसएसपी देहरादून द्वारा घटना के अनावरण हेतु अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर उन्हे आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। गठित टीमों द्वारा घटनास्थल के आस-पास आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेजों का बारीकी से अवलोकन करने के साथ साथ सर्विलांस के माध्यम से भी आवश्यक जानकारियां एकत्रित की गई। साथ ही सुरागरसी पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। पुलिस द्वारा किये जा रहे प्रयासो से विनीत नाम के एक व्यक्ति द्वारा उक्त घटना को अंजाम दिया जाना प्रकाश में आया। जिस पर पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त विनीत कुमार पुत्र घपल्या लाल, निवासी स्थाई पता ग्राम मंजयाली नौगांव तहसील बडकोट थाना पुरोला उत्तरकाशी उम्र 33 वर्ष, हाल पता देहरादून को त्रिलोक गेस्ट हाउस रिंग रोड के पास से गिरफ्तार किया। जिसकी निशानदेही पर घटना में महिला से लूटा गया कडा एंव अभियुक्त द्वारा घटना के दौरान पहना गया कडा जिससे उसके द्वारा मृतका पर हमला किया गया था, बरामद किये गये। अभियुक्त को धारा: 103(1)/309(4)/117(2) बीएनएस के अन्तर्गत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जायेगा।
पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया कि वह जनपद उत्तरकाशी का निवासी है तथा विगत 10 वर्षों से अजबपुरकला, देहरादून में किराये पर परिवार सहित निवास कर रहा है। वह जोगीवाला रिंग रोड, देहरादून, त्रिलोकेश गेस्ट हाउस में बीजे सिक्योरिटी सर्विसेज कम्पनी के माध्यम से रात्रि सुरक्षा गार्ड के रूप में 02 वर्षो से कार्य कर रहा । वह वादी दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड, देहरादून स्थित “अनुज प्रकाशन” नामक बुक शॉप में हेल्पर का कार्य भी करता था तथा उन्हें लगभग 15 वर्षों से जानता है । पिछले कुछ समय से दिनेश बंसल के पास उसकी वेतन की धनराशि बकाया थी तथा उसके द्वारा कई बार उक्त धनराशि माँगने के बावजूद भी उनके द्वारा उसे पैसे नहीं दिये जा रहे थे। घटना वाले दिन वह बुक शॉप से दिनेश कुमार बंसल की स्कूटी से उनके आवास पर गया। उसे पहले से ही पता था कि घर के पीछे की ओर का दरवाजा हमेशा खुला रहता है, जिस पर वह स्कूटी गेट के बाहर खड़ी की और अन्दर चला गया। उस समय घर पर श्रीमती रेखा बंसल अकेली मौजूद थीं। अभियुक्त द्वारा उनसे अपने बकाया मजदूरी के पैसे माँगे तथा रेखा बंसल द्वारा इन्कार करने पर उसका रेखा बंसल से विवाद हो गया तथा अभियुक्त ने तैश में आकर अपने हाथ में पहने कडे से रेखा बंसल के चेहरे पर वार कर दिया, जिससे उनके गाल व नाक पर चोट लग गयी तथा वह वहीं बिस्तर पर गिर गयीं तथा चिल्लाने लगीं। जिस पर अभियुक्त घबरा गया तथा अपने पकडे जाने के डर से उसने रेखा बंसल को चुप कराने के लिये अपने हाथ से उनका मुँह दबाया और कुछ समय तक मुँह दबाये रखा। जब उसे विश्वास हो गया कि रेखा बंसल की मृत्यु हो चुकी है, तब उसने उनके बाएँ हाथ में पहना हुआ एक सोने का कंगन निकाल लिया तथा वहां से निकलकर गेस्ट हाउस में पहुंचकर उसने पुलिस से बचने के लिये अपने कपडे बदल लिये। अभियुक्त द्वारा घटना के समय पहना कड़ा जिससे अभियुक्त द्वारा मृतका पर हमला किया गया था तथा अभियुक्ता का मोबाइल फोन पुलिस द्वारा बरमद किया गया। घटना का अनावरण करने वाली पुलिस टीम को उत्साहवर्धन के लिये आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र द्वारा 5000 रुपये तथा एसएसपी देहरादून द्वारा 2500 रुपए के नगद पुरस्कार से पुरुस्कृत किया गया।
