द्वितीय राज्य टेबल टेनिस रैंकिंग प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

पौड़ी।  जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में पौड़ी में द्वितीय राज्य टेबल टेनिस रैंकिंग प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। जिला प्रशासन, खेल विभाग एवं जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 200 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। जिलाधिकारी द्वारा प्रतियोगिता के लिए उच्च गुणवत्ता की छह टेबलें उपलब्ध कराई गई हैं।

जिलाधिकारी ने प्रतियोगिता का शुभारंभ कर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वयं खिलाड़ियों के साथ टेबल टेनिस खेलकर उनका उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में भागीदारी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। विद्यालयों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें पहचानकर बेहतर मंच और अवसर देने की है।

उन्होंने अभिभावकों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को बचपन से प्रोत्साहित करना जरूरी है। उन्होंने कहा, “खेल में कोई हारता नहीं है, कोई सीखता है और कोई जीतता है।” राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को प्रतिभा निखारने और अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि पौड़ी में खेलों के लिए अच्छा वातावरण है और प्रतियोगिताओं से स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिल रहा है।

प्रतियोगिता 6 से 9 सितंबर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें अंडर-11, अंडर-13, अंडर-17, अंडर-19 एवं ओपन वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। पहले दिन ओपन एवं अंडर-19 वर्ग के मुकाबले हुए।

उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन गुरुंग ने बताया कि पहाड़ी जिलों में टेबल टेनिस को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। देहरादून के बाहर पहली बार पौड़ी में टीम स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता एवं स्टेट चैंपियनशिप आयोजित की जा रही है। उन्होंने पौड़ी में बेहतर खेल सुविधाओं और जिला प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि आगे अन्य पहाड़ी जिलों में भी ऐसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश डंगवाल ने आयोजन में सहयोग के लिए जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर राज्य टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव प्रिंस विपिन, जिला खेल अधिकारी प्रदीप कुमार, जिला खेल अधिकारी देहरादून शेफाली गुरुंग, जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव भारत बिष्ट सहित खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *