टीबी मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी से मिलेगा बल

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने टीबी मुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आगे आकर ‘निक्षय मित्र’ बनने का आह्वान किया। जिला कार्यालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से कम से कम एक क्षय रोगी को गोद लेकर उसे प्रतिमाह पोषण सहायता उपलब्ध कराने की अपील की। जिलाधिकारी ने स्वयं दो क्षय रोगियों को गोद लेकर प्रतिमाह पोषण सहायता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों को नियमित उपचार के साथ पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को मरीजों के उपचार एवं पोषण सहायता की नियमित निगरानी करने तथा टीबी के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने भी सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की और स्वयं निक्षय मित्र बनने की बात कही। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल ने बताया कि जनपद में जनसहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘टीबी मुक्त भारत अभियान सहयोग कोष’ बनाया गया है। इसके तहत एसबीआई रुद्रप्रयाग शाखा में खाता संख्या 45504000902 खोला गया है। जिलाधिकारी ने इच्छुक व्यक्तियों एवं संस्थाओं से अभियान से जुड़कर आर्थिक सहयोग प्रदान करने की अपील की, ताकि जरूरतमंद क्षय रोगियों को पोषण एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। बैठक में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को विद्यालयों में छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों के बीच एचपीवी टीकाकरण को लेकर जागरूकता बढ़ाने तथा स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *