भाजपा के ‘नफरत के बाजार’ को बंद कर राहुल गांधी खोल रहे हैं ‘मोहब्बत की दुकान

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून, 10 सितम्बर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा हल्द्वानी में राहुल गांधी पर दिए गए बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि देश को धर्म, जाति और संप्रदाय के नाम पर बांटने का धंधा करने वाली पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को ‘बंटवारे की राजनीति’ पर ज्ञान देने का कोई नैतिक हक नहीं है। देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती पर आकर इस तरह की विभाजनकारी बयानबाजी करना उनकी संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है।

प्रेस को जारी एक तीखे बयान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा, “भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शायद यह भूल रहे हैं कि राहुल गांधी जी ने नफरत की राजनीति के खिलाफ कन्याकुमारी से कश्मीर और मणिपुर से मुंबई तक हजारों किलोमीटर की ऐतिहासिक पदयात्राएं की हैं। वे पूरे देश को एकजुट कर ‘मोहब्बत की दुकान’ खोल रहे हैं, जबकि भाजपा चौबीसों घंटे देश में ‘नफरत का बाजार’ सजाए बैठी है। राहुल गांधी जी जब पिछड़ों, दलितों और शोषितों को हक दिलाने के लिए ‘जातिगत जनगणना’ की मांग करते हैं, तो भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को इसमें देश का बंटवारा नजर आने लगता है। सच यह है कि भाजपा कभी नहीं चाहती कि इस देश के गरीब और वंचित वर्ग को उनका हक मिले।”

गणेश गोदियाल ने नितिन नवीन को घेरते हुए कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हल्द्वानी में आकर केवल अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। उत्तराखंड की डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है। प्रदेश का युवा बेरोजगारी से त्रस्त है, महिलाएं असुरक्षित हैं और अंकिता भंडारी जैसी बेटियों को आज तक न्याय नहीं मिला है। इन बुनियादी और गंभीर सवालों पर जवाब देने के बजाय भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष केवल कांग्रेस और राहुल गांधी पर झूठे आरोप लगाकर प्रदेश की जनता का ध्यान भटकाने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुन लें, उत्तराखंड की स्वाभिमानी जनता अब आपके झांसे में आने वाली नहीं है। राहुल गांधी जी देश के करोड़ों मजलूमों, युवाओं और किसानों की निर्भीक आवाज बन चुके हैं। भाजपा उनके खिलाफ चाहे कितना भी दुष्प्रचार कर ले, उनकी देश को जोड़ने की मुहिम रुकने वाली नहीं है। भाजपा नेता देवभूमि की शांति और सौहार्द को अपनी घटिया राजनीति से दूषित करना बंद करें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *