विश्वकर्मा जयंती पर शांतिकुंज में श्रम और कौशल का हुआ सम्मान

भगवती प्रसाद गोयल/एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

हरिद्वार 17 सितंबर। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय में विश्वकर्मा जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शांतिकुंज व्यवस्थापक योगेंद्र गिरि ने विभिन्न विभागों एवं कार्यशालाओं में विधिवत पूजन-अर्चन किया। कार्यक्रम में श्रम, कौशल और सृजन के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कार्य में निष्ठा और उत्कृष्टता का संकल्प लिया गया। शांतिकुंज के स्वावलंबन कार्यशाला, परिवहन, विद्युत एवं उद्यान विभाग, तथा देव संस्कृति विश्वविद्यालय में निर्माण वर्कशॉप, फार्मेसी एवं ग्राम प्रबंधन विभाग में विश्वकर्मा पूजन किया गया। इन सभी विभागों के कार्यकर्ताओं एवं कर्मचारियों ने पूजन में सहभागिता की। कार्य में उपयोग होने वाले उपकरणों एवं संसाधनों का पूजन कर उनके उचित उपयोग, संरक्षण और रखरखाव का संकल्प लिया गया। वहीं इस दौरान कार्यस्थल की स्वच्छता, उपकरणों के सुरक्षित उपयोग और अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर शांतिकुंज एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित विश्वकर्मा पूजन के माध्यम से श्रम की गरिमा, तकनीकी दक्षता और कार्य के प्रति समर्पण को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *