जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किया घटनास्थल का संयुक्त निरीक्षण
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून, 21 सितम्बर। मोहब्बेवाला क्षेत्र में दिल्ली देहरादून राजमार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटना के दृष्टिगत जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल द्वारा राजमार्ग, घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। विगत 20 सितम्बर को मोहब्बेवाला क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए आज जिलाधिकारी देहरादून तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से मोहब्बेवाला में राजमार्ग, घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उक्त क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का जायजा लेकर सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि उक्त क्षेत्र में हुई दुर्घटनाओं के कारणों की विस्तृत एवं तकनीकी जांच की जाए। सड़क इंजीनियरिंग, ब्लैक स्पॉट, ओवर स्पीडिंग एवं यातायात नियमों के उल्लंघन जैसे सभी पहलुओं का विश्लेषण कर एक विस्तृत कार्य योजना तैयार की जाए। दुर्घटनाओं के दृष्टिगत उक्त क्षेत्र में बड़े साइन बोर्ड लगाए जाये, जिससे चालकों को सावधानी पूर्वक वाहन चलाने हेतु जागरूक किया जाए। रंबल स्ट्रइक ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए गए। दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु उक्त कार्य योजना का तत्काल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी, प्रशासन, एनएचएआई, आरटीओ व पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
