October 7, 2026

स्वास्थ्य शिविर में 64 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

रुद्रप्रयाग।  सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में गुलाबराय मैदान में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ विभिन्न स्वास्थ्य विषयों को लेकर जागरूक किया गया। इस मौके पर परिवार नियोजन, टीकाकरण, किशोर स्वास्थ्य तथा एचआईवी/एड्स से संबंधित जानकारी भी दी गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल के निर्देशन में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 64 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान किया। जांच के उपरांत चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में परिवार नियोजन सेवाओं के अंतर्गत 26 लोगों की काउंसलिंग की गई व  परिवार नियोजन के विभिन्न विकल्पों, उनके महत्व व उपलब्ध सेवाओं के संबंध में जानकारी दी। शिविर में 05 बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया गया व अभिभावकों एवं बालिकाओं को एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में एचपीवी टीकाकरण की भूमिका तथा टीके से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। किशोरियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर भी परामर्श दिया गया। लोगों को एचआईवी/एड्स के प्रति भी जागरूक किया, एचआईवी संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय, संक्रमण से जुड़ी भ्रांतियों तथा समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि एचआईवी के संबंध में सही जानकारी और जागरूकता ही संक्रमण की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। स्वास्थ्य टीम द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देते हुए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर  डॉ. मो. उमेर, एएनएम दीपिका पंवार, काउंसलर परिवार नियोजन रेखा जोशी, काउंसलर आरकेएसके विपिन सेमवाल, डीसी आईईसी हरेंद्र सिंह नेगी, डीईओ प्रतिरक्षण यशवंत राणा, नर्सिंग अधिकारी कैलाश सिंह, फार्मासिस्ट महेश पंवार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *