कांग्रेस ने निकाला पैदल मार्च, एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
यमकेश्वर, 8 अक्टूबर। बजिला कांग्रेस कमेटी कोटद्वार द्वारा लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ के आह्वान के साथ जिला अध्यक्ष विकास नेगी जी के नेतृत्व में बिथ्याणी से यमकेश्वर तहसील तक पैदल मार्च निकाला गया। मार्च में कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए और लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
पैदल मार्च के उपरांत कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा यमकेश्वर के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति महोदय के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने सहित विभिन्न मांगें उठाई गईं। ज्ञापन में कांग्रेस की ओर से मांग की गई कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम गलत तरीके से न हटाया जाए तथा नाम हटाने अथवा आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया में संबंधित मतदाता को उचित सूचना, जांच एवं सुनवाई का अवसर दिया जाए। साथ ही SIR प्रक्रिया के दौरान प्राप्त फार्म-7 आवेदनों एवं असामान्य संख्या में आपत्तियां दाखिल करने के मामलों की निष्पक्ष जांच तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई। जिला अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता के मत का महत्व है और मतदाता सूची की शुचिता एवं निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच मजबूती से उठाती रहेगी। इस अवसर पर विकास नेगी, जिलाध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी कोटद्वार, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद डबराल, प्रदेश सचिव रुचि कैंतुरा, जिला महासचिव कीर्ति सिंह बिष्ट, ब्लॉक अध्यक्ष अनिल रतूड़ी, राजीव जखमोला, दीपक चंद, राघव सिंह, मुकेश, मदन सिंह नेगी, प्रताप सिंह, दिनेश सिंह, गुलाब सिंह, सुखपाल, सत्यपाल, वेदप्रकाश सहित कई कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
