मेकअप आर्टिस्ट का प्रशिक्षण शुरू कराने के निर्देश

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

पौड़ी। विकासखंड यमकेश्वर के सिरासू क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने एवं स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर विकसित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पर्यटन सुविधाओं के विकास, स्थानीय युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा पर्यटकों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने बताया कि सिरासू के समग्र विकास के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शासन को भेजी गई है, जिसमें दुकानें, वाटर पार्क, चिल्ड्रन पार्क एवं कॉटेज विकसित करने का प्रस्ताव शामिल है। उन्होंने बच्चों के पार्क में आकर्षक झूले एवं सेल्फी पॉइंट विकसित करने तथा विद्युत व्यवस्था और शौचालय के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिए। पार्किंग व्यवस्था के लिए टिहरी प्रशासन से समन्वय स्थापित करने तथा पार्क का विकास ग्राम पंचायत एवं खेल मैदान का निर्माण ग्राम पंचायत और मनरेगा के माध्यम से कराने को कहा।

क्षेत्र में राफ्टिंग एवं बोटिंग की संभावनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन अधिकारी को संभावित स्थलों का सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही दुकानों के लिए भूमि हस्तांतरण संबंधी प्रस्ताव तैयार करने तथा बोटिंग के लिए संबंधित स्ट्रेच का चिन्हीकरण कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय महिलाओं एवं युवतियों से संवाद कर उनकी प्रशिक्षण संबंधी आवश्यकताएं जानीं। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को नवंबर से फोटोग्राफी, कैटरिंग एवं मेकअप आर्टिस्ट का प्रशिक्षण शुरू कराने के निर्देश दिए। ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण लेने वाली युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए होटल संचालकों एवं फोटोग्राफरों से समन्वय करने को कहा। ग्रामीणों के होमस्टे एवं ब्यूटी पार्लर स्थापित करने के प्रस्तावों पर उन्होंने इच्छुक लोगों को प्रोत्साहित करने, उपयुक्त स्थलों का चिन्हीकरण करने तथा ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने होमस्टे के लिए 10 नवंबर से पहले आवेदन करने को कहा। क्षेत्र में कैंटीन विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत द्वारा गांव को प्री-वेडिंग शूट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्री-वेडिंग शूट के लिए आने वाले लोग रात्रि में यहां नहीं ठहरते हैं, इसलिए सुविधाओं का विस्तार कर पर्यटकों के ठहराव एवं स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएं। उन्होंने पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने और गंदगी की रोकथाम के निर्देश दिए। ग्रामीणों द्वारा बंदरों के आतंक की समस्या उठाए जाने पर वन विभाग से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय शांति निकेतन का भ्रमण कर पर्यटकों से संवाद किया और क्षेत्र में उपलब्ध पर्यटन सुविधाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर ग्राम प्रधान पवित्रा देवी, जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, तहसीलदार वैभव जोशी, खंड विकास अधिकारी आकाश बेलवाल सहित संबंधित अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *