वार्ड 34 गोविंद गढ़ के शांति विहार क्षेत्र की सड़के खस्ता हाल

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून, 18 अक्टूबर। क्या कैंट विधानसभा मे आने वाला वार्ड 34 गोविंद गढ़ का शांति विहार क्षेत्र उत्तराखंड राज्य से बाहर आता हैं ? ये सवाल इस लिये हैं क्यों की सूबे के मुख्यमंत्री ने 15 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश की सड़को को गड्डा मुक्त करने के निर्देश जारी किये थे, उनके इन निर्देशों का कई जिलों मे असर भी दिखाई दिया, मगर राज्य की राजधानी देहरादून मे निर्देशों का शत प्रतिशत पालन होता हुआ दिखाई नहीं दिया। यहीं कारण रहा की 13 अक्टूबर को मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर लंबित मरम्मत कार्यों को तत्काल शुरू कराया जाए। सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के अभियान में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं स्वयं भी बहुत जल्द पूरे प्रदेश का दौरा सड़क मार्ग से करूंगा। यदि कहीं भी सड़क टूटी हुई मिली या मरम्मत कार्य में लापरवाही सामने आई, तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी”। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल कागजों पर प्रगति दिखाने के बजाय धरातल पर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

विगत 17 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने तथा सड़क सुधार कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए सचिव, लोक निर्माण विभाग, उत्तराखण्ड शासन पंकज कुमार पांडेय तड़के सुबह 6 बजे से देहरादून शहर के प्रमुख मार्गों एवं स्थलों के स्थलीय निरीक्षण पर निकले। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ विभिन्न मार्गों का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति का जायजा लिया तथा सड़क सुधार एवं गड्ढा भरान कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। सचिव लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रदेश की सभी सड़कों को 18 अक्टूबर 2026 तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए विभागीय अधिकारी पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। उन्होंने सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।

अब सबसे बड़ा सवाल यह हैं की जब सरकार से लेकर शासन तक प्रदेश की सड़को को गड्डा मुक्त करने के लिये गंभीर हैं तो फिर वार्ड 34 गोविंद गढ़ का शांति विहार क्षेत्र  की सड़के खस्ता हाल क्यों हैं? इस क्षेत्र मे शायद ही कोई ऐसी सड़क हो जो गड्डा मुक्त हो। सभी सड़के गड्डा युक्त हैं जिनमे वाहन तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हैं। यहां के जनप्रतिनिधि भी इन्हीं सड़को से आते-जाते होंगे, मगर उन्हे  गड्डा मुक्त सड़के दिखाई नहीं देती, तभी तो सरकार के सड़को को गड्डा मुक्त करने का सपना शांति विहार क्षेत्र मे चकना चूर होता दिखाई दे रहा हैं। कैंट विधानसभा वहीं हैं जहां भाजपा की विधायक हैं, और वार्ड 34 गोविंद गढ़ की पार्षद भी भाजपा से ही हैं। कहा जाये तो डबल इंजन की सरकार, उसके बाद भी क्षेत्र बदहाल।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *