स्वतंत्रता सेनानी श्रीराम शर्मा प्रेम पार्क में प्रतिमा भी लगाए नगर निगम

अवधेश पन्त/एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

रुड़की। अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद परिवार कल्याण महापरिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पन्त ने जानकारी देते हुये बताया की अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी परिवार कल्याण महापरिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीगोपाल नारसन ने नगर निगम देहरादून द्वारा वाणी विहार मे बनाये जा रहे पार्क का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी श्रीराम शर्मा प्रेम पार्क रखे जाने का स्वागत किया है। उन्होंने इसके लिए मेयर सौरभ थपलियाल व पार्षद त्रिलोक सिह बरगली का भी धन्यवाद किया है। सौभाग्य की बात यह है कि यह पार्क श्रीराम शर्मा प्रेम के पुत्र जनकवि डा अतुल शर्मा के घर के सामने है। स्वतंत्रता सेनानी व राष्ट्रीय धारा के प्रमुख कवि श्रीराम शर्मा प्रेम ने अंग्रेजो भारत छोड़ो आन्दोलन मे सक्रिय भूमिका अदाकर गिरफ्तारी दी थी। शैलीकार कन्हैयालाल मिश्र प्रभाकर ने सूचना जनसंपर्क विभाग की पुस्तक मे उनकी जीवनी को स्थान दिया। श्रीगोपाल नारसन ने बताया कि सन 1944 में श्रीराम शर्मा प्रेम ने सैंट्रल सैक्रट्रिएट मे तिरंगा फहराने का साहसिक कार्य किया था।जिस पर उन्हे दो वर्ष की कठोर कारावास की सज़ा हुई थी। जिस पर उन्हें फिरोजपुर जेल भेजा गया। जेल प्रवास के दौरान उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ कविताये भी लिखीं। उनकी कविताये गढ़वाल विश्व विद्यालय के पाठ्यक्रम में पढाई जाती रही है। उनपर प्रसार भारती ने रेडियो रुपक ” अग्नि पुरुष ” प्रसारित किया। वही जयप्रकाश पंवार जेपी ने श्रीराम शर्मा प्रेम पर एक डाक्यूमेंट्री फ़िल्म बनाई। सरसावा मे उनकी जीवनी का शिलालेख लगा है।वही  देहरादून स्थित घंटाघर के नीचे शहीद स्मृति स्तंभ मे भी उनका नाम अंकित है। नारसन ने बताया कि श्रीराम शर्मा प्रेम के समग्र साहित्यिक अवदान को पांच खंडो मे प्रकाशित किया गया है। इसमे महान स्वतंत्रता सेनानियों व साहित्यकार के संस्मरण हैं। जिसका संपादन डा. अतुल शर्मा, रेखा शर्मा व रंजना शर्मा द्वारा किया है। श्रीगोपाल नारसन ने नगर निगम से श्रीराम शर्मा प्रेम की प्रतिमा उक्त पार्क में स्थापित किये जाने की मांग महापरिषद की ओर से की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *