पौड़ी पुलिस ने विद्यार्थियों को दी साइबर सुरक्षा की सीख

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

पौड़ी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशों के क्रम में जनपद में चलाए जा रहे “साइबर जागरूकता 2.0” अभियान के तहत कोटद्वार पुलिस टीम द्वारा कान्वेंट पब्लिक स्कूल, कोटद्वार में छात्र-छात्राओं के लिए साइबर सुरक्षा एवं जन-जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार श्रीमती अस्मिता ममगाईं ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों तथा उनसे बचाव के विभिन्न उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। छात्र-छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी, अनजान व्यक्तियों द्वारा भेजे जाने वाले संदिग्ध लिंक एवं APK फाइल, लॉटरी और KBC के नाम पर धोखाधड़ी, OLX के माध्यम से होने वाले फ्रॉड तथा रिश्तेदार बनकर फोन कॉल, व्हाट्सएप एवं अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से की जाने वाली ठगी के संबंध में जागरूक किया। साथ ही ऑनलाइन गेमिंग एवं संदिग्ध ऐप के माध्यम से होने वाले साइबर फ्रॉड से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में प्रभारी साइबर सेल कोटद्वार उपनिरीक्षक कमलेश शर्मा ने भी छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों एवं उनसे बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने फर्जी सोशल मीडिया आईडी, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर की जाने वाली ठगी तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से होने वाले संभावित नुकसान के बारे में समझाते हुए विद्यार्थियों को सतर्क रहने की सलाह दी। इसी क्रम में कोतवाली लैन्सडाउन पुलिस टीम द्वारा राजकीय आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज, जयहरीखाल में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *