केंद्रीय औषधि भंडार का औचक निरीक्षण
बागेश्वर। अपर आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देशों के क्रम में औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, बिलौना स्थित केंद्रीय औषधि भंडार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान औषधियों के उचित भंडारण, तापमान, एक्सपायरी तिथि, स्टॉक रजिस्टर, बैच नंबर, प्राप्ति एवं वितरण अभिलेखों की जांच की गई। साथ ही एक्सपायरी एवं निकट भविष्य में एक्सपायर होने वाली औषधियों के पृथक्करण और भंडारण व्यवस्थाओं का सत्यापन किया गया। इस दौरान गुणवत्ता परीक्षण हेतु कुल 10 औषधियों के नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। औषधि निरीक्षक ने बताया कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण औषधियां उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए जनपद में औषधि भंडारों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण निरंतर जारी रहेगा।
