एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

पौड़ी। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को जनपद मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में राज्योत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत एवं स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी सहित अन्य अतिथियों ने राज्य आंदोलनकारियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष और बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर सूचना विभाग की विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया गया। साथ ही बाल विकास विभाग के पांच लाभार्थियों को किशोरी किट तथा समाज कल्याण विभाग के सात दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। स्थानीय कलाकारों एवं सांस्कृतिक दलों ने लोकगीतों और लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा जनपद की ग्राम पंचायतों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड लंबे संघर्ष, जनआंदोलन और राज्य आंदोलनकारियों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। मुजफ्फरनगर कांड जैसी घटनाएं राज्य आंदोलन के इतिहास का ऐसा अध्याय हैं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद उत्तराखंड ने शिक्षा, साक्षरता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं केंद्र सरकार के सहयोग से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। युवाओं को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और खेल के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों के सपनों का विकसित उत्तराखंड बनाने के लिए सभी से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों, मातृशक्ति, युवाओं और आम जनमानस के संघर्ष एवं बलिदान से संभव हुआ है। राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर तक न्याय पंचायत एवं विकासखंड स्तर पर राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित कर राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के विकास में सभी से सक्रिय सहभागिता की अपील की।

स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि आंदोलनकारियों के संघर्ष और जनता की एकजुटता से उत्तराखंड राज्य का निर्माण हुआ है। उनके सपनों का विकसित उत्तराखंड बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पौड़ी में पर्यटन की अपार संभावनाओं का उल्लेख करते हुए पर्यटन विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों की जानकारी दी।

राज्य आंदोलनकारी बीरा भंडारी ने कहा कि राज्य निर्माण में महिलाओं की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। युवा पीढ़ी को राज्य आंदोलन के इतिहास और आंदोलनकारियों के योगदान से परिचित कराना जरूरी है, ताकि वे राज्य निर्माण के मूल उद्देश्यों को समझकर विकास में अपनी भूमिका निभा सकें।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, क्षेत्र पंचायत प्रमुख अस्मिता नेगी, डीएफओ महातिम यादव, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी, दिव्येश उपाध्याय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मेघना असवाल, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, पूर्व विधायक मुकेश कोली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं राज्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *