एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

पौड़ी। पहाड़ की संस्कृति, स्थानीय प्रतिभाओं और पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौड़ी में 16 से 18 नवंबर तक आयोजित होने वाले शरदोत्सव-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने हितधारकों, संबंधित विभागों, नगर पालिका और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने बताया कि शरदोत्सव के तहत फुटबॉल प्रतियोगिता 14 नवंबर से शुरू होगी। मुख्य आयोजन में फोटोग्राफी एवं पेंटिंग प्रदर्शनी, झांकियां, बेबी शो, रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर, वाद-विवाद, सामान्य ज्ञान, चित्रकला, मेहंदी, रंगोली और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। वहीं, 16 नवंबर की शाम नाइट सफारी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि शरदोत्सव केवल मनोरंजन तक सीमित न रहकर पौड़ी की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय प्रतिभाओं और पर्यटन की संभावनाओं को पहचान दिलाने का माध्यम बने। इसके लिए स्थानीय नागरिकों, युवाओं, कलाकारों और स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने और आयोजन समिति के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

नाइट सफारी के लिए उन्होंने रूट प्लान, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, एम्बुलेंस, यातायात प्रबंधन और आयोजन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा।

नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि पौड़ी के पर्यटन को नई पहचान देने के लिए ‘पौड़ी एक पहल’ के तहत पर्यटन विषयक गोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। बैठक में शिक्षा विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं झांकियों, खेल विभाग को खेल प्रतियोगिताओं तथा पर्यटन विभाग को पर्यटन गतिविधियों के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा व्यापक प्रचार-प्रसार, साफ-सफाई, सजावट, विद्युत व्यवस्था, मंच संचालन और स्टॉल प्रबंधन पर भी चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि आयोजन में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर एवं सुव्यवस्थित सुविधाएं मिलनी चाहिए। बैठक में एडीएम पीआर चौहान, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र, जिला शिक्षाधिकारी अंशुल बिष्ट, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, थानाध्यक्ष जयपाल नेगी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, नगर पालिका सभासद एवं स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *