नैनीताल की घटना के विरोध में एसएफआई पछवादून का प्रदर्शन

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
सभावाला। नैनीताल में नाबालिग के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले और एबीवीपी से जुड़े लोगों के नाम सामने आने के विरोध में रविवार को एसएफआई पछवादून की ओर से सभा वाला चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान युवाओं ने पुतला दहन कर घटना के खिलाफ आक्रोश जताया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए एसएफआई जिला सचिव अयाज खान ने कहा कि भाजपा सत्ता में आने से पहले “बहुत हुआ महिलाओं पर अत्याचार, अबकी बार मोदी सरकार” का नारा देती थी, लेकिन आज महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अंकिता भंडारी को आज तक न्याय नहीं मिल पाया है। हाथरस की घटना और महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोपों से जुड़ा बृजभूषण सिंह का मामला भी देश के सामने है। ये घटनाएं महिलाओं की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की बातें केवल चुनावी नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। नैनीताल की घटना में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को किसी भी राजनीतिक संरक्षण के बिना कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। संगठन पीड़िता को न्याय दिलाने और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के विरोध में अपना संघर्ष जारी रखेगा। प्रदर्शन में साहिमा, सौरभ, रिजवान, रिहान सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *