राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट का शुभारंभ

संदीप गोयल/ एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून 16 नवंबर। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सूचना कार्यालय देहरादून में डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट का औपचारिक शुभारंभ किया गया। सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्वयं पहला पॉडकास्ट रिकॉर्ड कर इस डिजिटल पहल की शुरुआत की।
इस अवसर पर महानिदेशक ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में पॉडकास्ट सूचना और संवाद का एक बेहद प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इसके जरिए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी जानकारियों को आम जनता तक बेहद सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा। कार्यक्रम के दौरान सूचना महानिदेशक ने सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही ‘फेक न्यूज’ के बढ़ते प्रभाव पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में हर नागरिक की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि वे किसी भी सूचना को आगे बढ़ाने या साझा करने से पहले उसकी सत्यता की भली-भांति जांच अवश्य करें।
स्थानीय संस्कृति के प्रसार पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया ने हमारी संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों को वैश्विक पहचान दिलाई है। हरेला, इगास और छठ पूजा जैसे लोक पर्वों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि आज इन माध्यमों से हमारी लोक संस्कृति देश-दुनिया के कोने-कोने तक पहुंच रही है। उन्होंने युवा पीढ़ी और पत्रकारिता के विद्यार्थियों से अपील की कि वे सोशल मीडिया का उपयोग समाज में सकारात्मक संवाद, विश्वसनीय सूचना और जनजागरूकता फैलाने के लिए करें। इस दौरान सूचना महानिदेशक ने जिला सूचना कार्यालय देहरादून का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी, अति0 जिला सूचना अधिकारी रवेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ सहायक इंद्रेश कोठारी सहित जिला सूचना कार्यालय के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *