November 20, 2026

जौलजीबी मेले में विधायक हरीश धामी की आवाज दबाना लोकतांत्रिक परंपराओं का अपमान

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून, 20 नवंबर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देशानुसार महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून द्वारा आज एश्ले हॉल चौक पर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन किया गया। इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि जनपद पिथौरागढ़ के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले में क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक एवं जनप्रतिनिधि हरीश धामी को मंच से अपनी बात रखने और क्षेत्र की जनसमस्याओं को उठाने का अवसर न देना लोकतांत्रिक परंपराओं का खुला उल्लंघन है। यह केवल एक जनप्रतिनिधि का अपमान नहीं, बल्कि उस क्षेत्र की जनता की आवाज को दबाने का प्रयास है, जिसने उन्हें चुनकर विधानसभा तक पहुंचाया है। डॉ. गोगी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में हिटलरशाही और तानाशाही चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। लोकतंत्र में असहमति की आवाज को सम्मान दिया जाता है, लेकिन प्रदेश सरकार विपक्ष के जनप्रतिनिधियों को बोलने तक का अवसर नहीं देना चाहती। सत्ता के अहंकार में सरकार लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संवैधानिक मूल्यों को भूल चुकी है। जनता के सवालों से बचना, जनप्रतिनिधियों की आवाज दबाना और विरोध करने वालों की अनदेखी करना सरकार की तानाशाही मानसिकता को उजागर करता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर एक निर्वाचित विधायक को सार्वजनिक मंच पर अपनी बात रखने से क्यों रोका गया? लोकतंत्र किसी सरकार की निजी जागीर नहीं है। जनप्रतिनिधियों का सम्मान करना और जनता की समस्याओं को सुनना सरकार की जिम्मेदारी है। डॉ. गोगी ने पीआरडी कर्मचारियों के मुद्दे पर कहा कि प्रदेश के पीआरडी कर्मचारी लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी कर रही है। ये कर्मचारी प्रदेश की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसके बावजूद उन्हें उनके अधिकारों, सम्मान और उचित सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। सरकार को उनकी मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लेकर न्याय प्रदान करना चाहिए।उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार की कार्यशैली से स्पष्ट है कि उसे न तो जनता की समस्याओं की चिंता है और न ही कर्मचारियों के अधिकारों की। कांग्रेस पार्टी जनप्रतिनिधियों के सम्मान, कर्मचारियों के अधिकारों और आम जनता के हितों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी। डॉ. गोगी ने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार अपनी हिटलरशाही और तानाशाही कार्यशैली पर अंकुश लगाए तथा पीआरडी कर्मचारियों की मांगों और जनप्रतिनिधियों के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई करे। अन्यथा महानगर कांग्रेस कमेटी प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र करने के लिए बाध्य होगी। लोकतंत्र में जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और कांग्रेस पार्टी हर हाल में जनता की आवाज बनकर संघर्ष करती रहेगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *