कैबिनेट मंत्री ने किया अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 को झंडी दिखाकर रवाना
एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून, 20 नवंबर। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने आज अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह उत्तराखण्ड के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश में इस तरह के साहसिक खेलों का आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का शुभारंभ मुक्तेश्वर से होना भी विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि शासन में सचिव श्री धीराज सिंह गर्ब्याल भी इस आयोजन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में जिलाधिकारी रहते हुए श्री धीराज सिंह गर्ब्याल ने कुमाऊं की संस्कृति एवं परंपराओं तथा पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों को एक गुलदस्ते के रूप में जोड़कर विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रदेश के सभी क्षेत्रों को एक-दूसरे से जोड़ने के साथ ही उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सचिव पर्यटन श्री धीराज सिंह गर्ब्याल ने जानकारी देते हुए बताया कि अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 की शुरुआत 20 नवंबर को मुक्तेश्वर से हुई है। साइकिल रेस प्रदेश के 10 जनपदों से गुजरते हुए लगभग 658 किलोमीटर का सफर तय कर 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि 18 राज्यों तथा एयरफोर्स, आर्मी व ITBP के कुल 66 व्यक्ति प्रतिभाग कर रहे हैं तथा 14 व्यक्ति विभिन्न कारणों से प्रतिभाग नहीं ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुल 80 व्यक्तियों द्वारा पंजीकरण कराया गया था। सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड सरकार द्वारा आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 का उद्देश्य केवल साइकिलिंग प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर टूरिज्म, माउंटेन साइक्लिंग और साहसिक खेलों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इस दौरान प्रबंध निदेशक केएमवीएन श्री विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी श्री अरविंद कुमार पाण्डेय, प्रबंधक केएमवीएन श्री मनीष सिंह, बीजेपी जिलाध्यक्ष श्री प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री श्री देवेंद्र ढेला, पर्यटन विकास परिषद सलाहकार समिति सदस्य श्री नितिन राणा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी श्री कीर्ति आर्य आदि उपस्थित थे।
