वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गुलदार को ट्रैंकुलाइज कर पकड़ लिया

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

चम्पावत।  ग्राम सुई क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद देर रात गुलदार को ट्रैंकुलाइज कर पकड़ लिया। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों और डीएफफो धिनो पुरुषोत्तम के मार्गदर्शन एवं एसडीओ सुनील कुमार के नेतृत्व में ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी की जा रही थी।एसडीओ सुनील कुमार ने जानकारी देते हुये बताया कि देर रात गुलदार को ट्रेंकुलाइज करने में टीम को सफलता मिली इस अभियान की सफलता से सुई और आसपास के गांवों के लोगों को राहत मिली है।

उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि बीते दिनों ग्राम सुई में गुलदार के हमले में एक बालक की मृत्यु के बाद से वन विभाग की 15 सदस्यीय टीम क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। अभियान में दो ट्रैंकुलाइजिंग टीमें तैनात की गई थीं। एक टीम का नेतृत्व नैनीताल में कार्यरत वरिष्ठ पशु चिकित्सक हिमांशु पांगती और दूसरी टीम का नेतृत्व वन दरोगा अजय दीप टम्टा ने किया।

गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में 20 ट्रैप कैमरे लगाए गए थे। वन विभाग ने लाइव कैमरों, ड्रोन और दूरबीन की मदद से भी निगरानी की। गुलदार को पकड़ने के लिए छह पिंजरे लगाए गए थे। ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर अंधेरे वाले स्थानों के लिए पांच सोलर लाइटें उपलब्ध कराई गई हैं। उप प्रभागीय वनाधिकारी ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, घरों के आसपास पर्याप्त रोशनी रखने और झाड़ियों की सफाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुलदार से जुड़ी पुरानी या असत्यापित तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें, ताकि क्षेत्र में अनावश्यक भय न फैले।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *