एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर परखी सुरक्षा व्यवस्थाएं

एस. के.एम न्यूज़ सर्विस

पौड़ी। थाना यमकेश्वर क्षेत्रांतर्गत वीवीआईपी आगमन के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने एवं सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का स्थलीय स्तर पर जायजा लेने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री देवेन्द्र पींचा आज स्वयं यमकेश्वर पहुंचे। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय ने वीवीआईपी कार्यक्रम स्थल, आगमन एवं आवागमन मार्गों तथा आसपास के संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों एवं सुरक्षा प्रबंधों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा विभिन्न ड्यूटी प्वाइंट्स पर तैनात किए जाने वाले पुलिस बल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। साथ ही सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए सतर्कता एवं मुस्तैदी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। पौड़ी पुलिस द्वारा वीवीआईपी आगमन के दृष्टिगत सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार श्री मनोज कुमार ठाकुर, क्षेत्राधिकारी सदर श्री दिव्येश उपाध्याय एवं थानाध्यक्ष यमकेश्वर श्री अरविंद कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *