June 13, 2026

बीजेपी के वरिष्ठ नेता केदार सिंह फोनिया का निधन

देहरादून। पूर्व कैबिनेट मंत्री और कई बार के भाजपा विधायक रहे केदार सिंह फोनिया का शुक्रवार को निधन हो गया है। फोनिया देहरादून के नेहरू कॉलोनी में रह रहे थे, जहां उन्होंने आज सुबह अंतिम सांस ली। फोनिया यूपी और उत्तराखंड के समय बद्रीनाथ सीट से विधायक रह चुके हैं। वो यूपी में कल्याण सिंह सरकार में पर्यटन राज्य मंत्री भी रह चुके थे। 1992 में अयोद्धा राम मंदिर आंदोलन के दौरान, मंदिर परिसर की जमीन अधिगृहित करने के आदेश पर बतौर पयर्टन मंत्री उन्होंने साइन किए थे। फोनिया को 2012 में भाजपा ने टिकट नहीं दिया तो उन्होने भाजपा छोड़कर, उत्तराखंड रक्षा मोर्चा का दामन थाम लिया था। हालांकि 2019 में वो फिर भाजपा में शामिल हो गए थे। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उनके आवास पर पहुंच फोनिया को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता फोनिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे राज्य की अपूरणीय क्षति बताया है। मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने इंटरनेट मीडिया पर उन्‍होंने पोस्‍ट के जरिए संवेदनाएं व्‍यक्‍त की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी फोनिया के निधन पर दुख व्यक्त किया है। मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने लिखा कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री केदार सिंह फोनिया के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। भगवान दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिवार को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति।

वहीं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। विधानसभा अध्यक्ष ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति, शोकाकुल परिवार तथा समर्थकों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। विधानसभा अध्यक्ष ने अपने शोक संदेश में कहा है कि पार्टी संगठन एवं राज्य के विकास में केदार सिंह फोनिया का योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा। वे एक समर्पित जन नेता के तौर पर सदैव याद किए जायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *