भगत सिंह कोश्यारी ने किया टपकेश्वर महादेव का जलाभिषेक

संदीप गोयल/एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून। महाशिवरात्रि पर उत्तराखंड के शिवालयों में श्रद्धालुओं का सुबह से ही तांता लग गया। महादेव का जलाभिषेक करने के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की लाइन लग गई। मंदिरों में दिन भर हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने  महाशिवरात्रि पर महादेव को भांग-धतूरे का भोग भी लगाया।

महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल, उत्तराखण्ड राज्य के पूर्व मुख्यमन्त्री तथा भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेता भगत सिंह कोश्यारी ने टपकेश्वर महादेव मंदिर देहरादून मे पहुंचकर टपकेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। इस अवसर पर उन्होंने महंत कृष्ण गिरि महाराज का आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने आज महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर अपने विधानसभा क्षेत्र कोटद्वार के मवाकोट स्थित जगदेव मंदिर में जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की।

वहीं उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने आज अपनी पुत्री वैष्णवी के साथ महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर देहरादून स्थित पौराणिक टपकेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

राजपुर विधायक खजान दास ने आज महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर त्रिलोक स्वामी भगवान भोलेनाथ शिव शंभू जी के प्रसिद्ध धाम टपकेश्वर महादेव मन्दिर एवं सहारनपुर चौक स्थित पृथ्वीनाथ महादेव मन्दिर में परिवार संग जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। देवाधिदेव महादेव भगवान भोलेनाथ से सभी के सुख, समृद्धि एवं स्वस्थ जीवन की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *