कांग्रेस पार्टी सिंबल में लडेगी कैन्ट बोर्ड चुनाव : करन माहरा

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

देहरादून। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा की अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय देहरादून में आगामी कैन्ट बोर्ड में होने वाले चुनाव की बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोंधित करते हुए करन माहरा ने कहा कि आगामी कैन्ट बोर्ड चुनाव में कांग्रेस पार्टी सिंबल में लडेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी उसी व्यक्ति को पार्टी सिंबल देगी जो जिताऊ के साथ-साथ टिकाऊ भी होगा। माहरा ने बैठक में उपस्थित सभी साथियों को आह्वान करते हुए कहा कि आज राष्ट्र चुनौतीपूर्ण समय से गुजर रहा है। हम सबके सामने अस्तित्व बचाने का संकट है। उन्होंने कहा कि देश की सार्वजनिक सम्पितियों को केन्द्र की सरकार अपने चहेते लोगों को बेच चुकी है और अब राज्य की सरकार भी सार्वजनिक सम्पत्तियों को बेचने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का एक ही मकसद रह गया है कि पैसा कमाओ। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश भाजपा की केन्द्र सरकार के नीतियों से हताश और निराश है। उन्होंने भाजपा पर सत्ता का दुरूपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब कांग्रेस कार्यकर्ता को भाजपा के खिलाफ संघर्ष करने के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा गई है और अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति हो रही है। माहरा ने कहा कि अंकिता हत्याकाण्ड में वीआईपी के नाम का खुलासा ना होना, बेताहाशा महंगाई, भर्ती परीक्षा घोटाले और उनमें संलिप्त सफेदपोशों को संरक्षण, जोशीमठ में मुआवजा लंबित, भाजपा पार्षदों की गुण्डागर्दी इत्यादि राज्य की जनता के सामने है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते कहा कि यदि हम सब एक होकर चुनाव लड़ेंगे तो निश्चित जीत हमारी होगी। माहरा ने कहा कि भाजपा के लोग अपने झूठ को भी सही सावित करने के माहिर हैं हमें इनसे सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास मुद्दों की कमी नही परन्तु हमें जनता की आवाज बनकर संघर्ष करने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रभारी बिरेन्द्र पोखरियाल को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी के साथ अन्याय ना हो सभी वार्डो में बैठकें आयोजित कर जिताऊ और टिकाऊ प्रत्याशियों का चयन करें। इस अवसर पर प्रभारी बिरेन्द्र पोखरियाल ने कहा कि हम निस्वार्थ रूप से पार्टी के निर्देश का पालन करते हुए शीघ्र प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया आरम्भ करेंगे। बैठक में उपाध्यक्ष संगठन मथुरा दत्त जोशी, मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी, पूरन सिंह रावत, सलाहकार अमरजीत सिंह, महामंत्री सुरेन्द्र सिंह रांगड़, महामंत्री राजीव पुन्ज, मोहित ग्रोवर, सुमित खन्ना, देवेन्द्र सिह बिष्ट, राजेश शर्मा, दिलशाद अली, वसीम, आशीष देसाई, रविन्द्र सिंह, राहुल तलवार, कैलाश वाल्मिकी, महेश चन्द्र, ललित भद्री, विकास थापा, फहीम खान, निहाल सिंह, पूरन ंिसह पाल, मसूर कुरैशी, रोहित, सुशान्त थापा आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किये।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *