May 4, 2026

पशु समस्याओं का समाधान मिलेगा एक ही स्थान पर

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस

सहारनपुर, 15 मार्च। आर्थिक रूप से कमजोर पशुपालकों एवं किसानों की आय दोगुनी करने के उद्देश्य से शासन द्वारा मण्डल स्तरीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय वृहद पशु आरोग्य मेला एवं शिविर का आयोजन पशुपालन विभाग द्वारा गांव बिडवी, विकासखण्ड सरसावा में 17 मार्च दिन शुक्रवार को आयोजित किया जायेगा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ0 राजीव कुमार सक्सैना ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले का शुभारम्भ माननीय राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग कुंवर ब्रजेश सिंह एवं माननीय विधायक नकुड श्री मुकेश चौधरी द्वारा किया जायेगा। डॉ0 राजीव कुमार सक्सैना ने बताया कि आयोजन को लेकर विभाग द्वारा तैयारी पूरी कर ली गयी है। इस मेले का लाभ अधिक से अधिक पशुपालकों को मिल सके इसके लिये विभाग द्वारा बनाई गई टीमों द्वारा गांव-गांव जाकर बीमार पशुओं का चिन्हीकरण कर पंजीकरण का कार्य किया जा रहा है और पशुपालकों से मिलकर उसे अपने पशुओं की जांच एवं उपचार के लिये मेले में लाने के लिये प्रोत्साहित किया जा रहा है। मण्डल के विभिन्न ग्रामों से आने वाले किसानों और पशुपालकों के पशुओं का ऑन स्पॉट रजिस्टेªशन कराया जायेगा। पशु मेले एवं शिविर में पशुओं की चिकित्सा व्यवस्था, बांझपन चिकित्सा, बधियाकरण, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, लघु पशु चिकित्सा आदि सभी पशु समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर मण्डल के समस्त विशेषज्ञ चिकित्सकों तथा पशु चिकित्सा विश्व विद्यालय के वरिष्ठ वैज्ञानिकों द्वारा निःशुल्क किया जायेगा। पशुपालन गोष्ठी के आयोजन में बाहर से आये विषय विशेषज्ञों द्वारा उन्नत पशुपालन, पौष्टिक पशु आहार, वर्षभर हरे चारे की उपलब्धता, उन्नत नस्ल सुधार, कृत्रिम गर्भाधान, दूध उत्पादन में वृद्धि एवं पशुधन बीमा योजना तथा पशुपालन क्रेडिट कार्ड के संबंध में महत्वपूर्ण एवं उपयोगी जानकारी दी जायेगी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि मेले में विभिन्न विभागों के स्टाल लगाकर पशुपालन एवं संबंधित विभागों की नवीनतम कृषक एवं पशुपालन उपयोगी जानकारी प्रदान की जायेगी। उन्होने पशुपालकों से अनुरोध किया कि वे इस महत्वपूर्ण अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में अपने पशु एवं स्वयं मेला स्थल पर पंहुचकर लाभ उठायें।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *