जनपद में भारतरत्न, लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयन्ती धूमधाम से मनायी गयी

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
सहारनपुर, 31 अक्टूबर। राष्ट्रीय एकीकरण के शिल्पकार भारतरत्न, लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयन्ती ’’राष्ट्रीय एकता दिवस’’ के रूप में जनप में उत्साह, उमंग एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गयी। मण्डलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार के निर्देशों के क्रम में मण्डलायुक्त कार्यालय में अपर आयुक्त प्रशासन श्री भानू प्रताप यादव एवं अपर आयुक्त श्री रमेश यादव ने सरदार बल्लभभाई पटेल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होने सरदार वल्लभ भाई पटेल के जन्म दिवस को ‘‘राष्ट्रीय एकता दिवस’’ के रूप में मनाए जाने के अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य संभ्रान्त नागरिकों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान के निर्देशों के क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में सिटी मजिस्ट्रेट श्री कुलदीप सिंह द्वारा सरदार बल्लभभाई पटेल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए गये। उन्होने लौह पुरूष की जयंती पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरदार बल्लभ भाई पटेल जी के सिद्धान्तों, आदर्शो एवं आचरण के व्यवहारिक पक्ष को निष्ठापूर्वक एवं सेवा-भाव के साथ आत्मसात करना ही उनके प्रति हम सबकी सच्ची श्रद्धांजली होगी। विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए श्री प्रणय कृष्ण वर्मा ने सरदार वल्लभभाई पटेल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होने सरदार जी की नेतृत्व शैली, दक्षता एवं आत्मबल पर प्रकाश डालते हुए देश के महापुरूषों की जीवन शैली एवं कार्य शैली से सीख लेकर उसे अपनी आदत में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने दृढ़ इच्छा शक्ति एवं संकल्प के धनी सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की ‘‘विविधता में एकता’’ की नीति का आज के परिवेश, समाज एवं देश हित में महत्व एवं योगदान को उदाहरण के साथ बताया। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के विभिन्न विभागों, कार्यालयों में भी लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की जयन्ती का आयोजन करते हुए राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता की शपथ दिलाई गयी। इस अवसर पर मण्डलायुक्त कार्यालय, जिलाधिकारी कार्यालय एवं विकास भवन के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *