कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूंका प्रधानमंत्री का पुतला

संदीप गोयल/एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून, 07 जुलाई। मोदी सरकार पर तानाशाहीपूर्ण रवैये का और विशेष रूप से मोदी के खिलाफ सबसे मुखर आवाज राहुल गांधी को जानबूझकर निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष करन महरा के नेतृत्व में प्रधानमंत्री मोदी का पुतला फूंका। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और मोदी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री मोदी का पुतला फूंका। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन महरा ने कहा कि पीएम मोदी को अपनी आलोचना रत्ती भर भी बर्दाश्त नहीं है। हर अनैतिक हथकंडे अपनाकर मोदी सरकार अपने आलोचकों को चुप कराने पर तुली हुई है। ईडी, सीबीआई और अन्य एजेंसियों का दुरुपयोग करके विपक्ष और आलोचकों का दमन किया जा रहा है। राहुल गांधी ही वो नेता हैं जो मोदी सरकार से सबसे ज्यादा चुभते सवाल करते रहे हैं। चाहे सीमा पर चीन के अतिक्रमण का सवाल हो, अडानी को लाभ पहुंचाने का सवाल हो या फिर मणिपुर में मोदी सरकार की अक्षमता का मामला हो। इसीलिए पीएम मोदी विपक्ष विशेष रूप से राहुल गांधी को सत्ता का दुरूपयोग कर निशाना बनाने में लगे हुए हैं। संसद में उनकी उपस्थिति से भी मोदी सरकार घबरा रही थी, इसलिए उनकी सदस्यता भी साजिशन खत्म करवाई गई। देश भर में कांग्रेस कार्यकर्ता समर्पित भाव से अपने नेता के पक्ष में खड़े हैं। महानगर अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि मोदी और उनकी सरकार ने सारे राजनीतिक और लोकतांत्रिक शिष्टाचार को ताक पर रख दिया है। भाजपा नेता खुलेआम नफरत के बयान देकर फसाद करवा रहे हैं पर उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती जबकि विपक्षी नेताओं के राजनीतिक बयानों पर भी कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। ऐसा माहौल देश मे कभी नहीं रहा। रात दिन विपक्षी दलों को साम, दाम दण्ड, भेद के द्वारा और सरकारी एजेंसियों का प्रयोग कर निशाना बनाया जा रहा है, तोड़ा जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हौसले सरकार की तानाशाही से नहीं डिगने वाले। सरकार की ऐसी हरकतों से और कुछ नहीं केवल 2024 के चुनाव में मोदी सरकार की विदाई की पटकथा लिखी जा रही है। इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन मथुरा दत्त जोशी, प्रदेश अध्यक्ष महिला श्रीमती ज्योति रौतेला, नवीन जोशी, गरिमा दौसैनी, अमरजीत सिंह, सत्या पोखरियाल, मोहित उनियाल, श्रीमती लक्ष्मी अग्रवाल, उर्मिला थापा, राजेश पुंडीर, शांति रावत, सुमित देवरानी, पूनम खंडारी, इलियास अंसारी, आलोक मेहता, सईद अहमद जामल, सज्जाद अंसारी, अभिषेक तिवारी, नीरज त्यागी, संजय गौतम, कुलदीप नरूला, राहुल तलवार, सुनील, देवेंद्र सिंह, आशा टम्टा, मनमोहन सिंह, लकी राणा, मुरली मुकेश सोनक, वीरेंद्र पंवार, पवार आदि मौजूद थे।